
प्रियंका गांधी वाड्रा आज अपने ससुराल मुरादाबाद में रोड शो करेंगी। प्रियंका रामपुर और बिलासपुर के बाद शाम को मुरादाबाद पहुंचेंगी। मुरादाबाद में रोड शो के जरिए प्रियंका चाचा-भतीजे के लिए वोट मांगेंगी। मुरादाबाद सिटी सीट से रिजवान कुरैशी कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। जबकि देहात सीट से कांग्रेस ने सपा के मौजूदा विधायक हाजी इकराम को चुनाव मैदान में उतारा है। हाजी इकराम अखिलेश सरकार में राज्यमंत्री भी रहे हैं। वह शहर से चुनाव लड़ रहे रिजवान कुरैशी के चाचा हैं। अखिलेश यादव ने हाजी इकराम का टिकट काटकर उनके पड़ोसी मीट व्यापारी हाजी नासिर कुरैशी काे दे दिया था। इसके बाद इकराम सपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे।
मुरादाबाद में है प्रियंका की ससुराल
मुरादाबाद में प्रियंका गांधी की ससुराल है। उनके पति रॉबर्ट वाड्रा मुरादाबाद के ही रहने वाले हैं। प्रियंका 2 दिसंबर को भी मुरादाबाद आई थीं। तब उन्होंने बुद्धि विहार फेस टू में जनसभा को संबोधित किया था। प्रियंका मंच से कहकर गई थीं कि वह जल्द ही फिर से ससुराल वालों से मिलने आएंगी।