आईपीएल का टाइटल सबसे ज्यादा जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने अब ग्लोबल क्रिकेट में अपनी धाक जमाने की तरफ और मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं. टीम प्रबंधन ने श्रीलंकाई खिलाड़ी महेला जयवर्धने और भारत के तेज गेंदबाज रहे जहीर खान को इसके लिए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.

लोबल क्रिकेट में अपनी पहचान को और मजबूत बनाने के लिए मुंबई इंडियंस ने सेंट्रल टीम बनाई है और दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने व जहीर खान इस सेंट्रल टीम का हिस्सा होंगे. टीम प्रबंधन ने मुंबई इंडियंस के साथ MI एमिरेट्स और MI केप टाउन की टीमों को मिलाकर ‘One family of teams’ का बड़ा परिवार बनाया है.
दरअसल, मुंबई इंडियंस के विस्तार के साथ ‘टीम प्रबंधन’ ने एक ऐसी सेंट्रल टीम की जरूरत महसूस की, जो व्यवहार, मूल्यों और सीखने-सिखाने में निरंतरता को सुनिश्चित करेगी. अपने क्रिकेट मूल्यों की वजह से ही मुबई इंडियंस आज दुनिया भर में सबसे पसंदीदा ब्रांड के रूप में उभरा है. यही कारण है कि मुबई इंडियंस की गहन जानकारी रखने वाले एमआई के दो दिग्गजों महेला जयवर्धने और जहीर खान को इस सेंट्रल टीम में नई भूमिकाएं दी जा रही हैं.
क्या भूमिका निभाएंगे महेला और जहीर खान
महेला जयवर्धने को सेंट्रल टीम में ‘ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस’ बनाया गया है. वे मुंबई इंडियंस ग्रुप के दुनियाभर में क्रिकेट ऑपरेशन्स को देखेंगे. इसमें रणनीतिक योजना बनाना, ग्लोबल हाई परफॉर्मेंस ईकोसिस्टम तैयार करना और प्रत्येक टीम की कोचिंग व सपोर्ट स्ट्रक्चर की जिम्मेदारी शामिल है. साथ ही वे टीम के मुख्य कोचों के साथ मिलकर अलग-अलग टीमों के साथ तालमेल भी सुनिश्चित करेंगे. मुंबई इंडियंस को क्रिकेट का शानदार ब्रांड बनाना भी उनके काम का हिस्सा होगा.
दूसरी ओर, जहीर खान को एमआई का ‘ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट’ नियुक्त किया गया है. उन पर खिलाड़ियों के विकास की जिम्मेदारी होगी. दुनियाभर में प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें संवारकर आगे बढ़ाना जहीर खान के काम का सबसे जरूरी हिस्सा होगा. प्रत्येक इलाके की अपनी चुनौतियों होती हैं और जहीर खान दुनियाभर में एमआई टीमों को इन चुनौतियों से निपटने में मदद करेंगे.
क्रिकेट इकोसिस्टम में बदलाव लाएंगे जयवर्धने-जहीर : आकाश अंबानी
रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश एम. अंबानी ने इस मौके पर कहा, मैं जयवर्धने और जहीर को हमारी ग्लोबल कोर टीम में पाकर बेहद खुश हूं. दोनों एमआई परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं और क्रिकेट एमआई की भावना के प्रतीक हैं. मुझे विश्वास है कि वे विश्व स्तर पर हमारी सभी टीमों के माध्यम से समान प्रदर्शन सुनिश्चित करने में सक्षम होंगे और दुनियाभर में क्रिकेट के ईकोसिस्टम में बदलाव लाएंगे.
दोनों खिलाडि़यों ने जताया प्रबंधन का आभार
महेला जयवर्धने ने खुद को ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस बनाए जाने पर टीम प्रबंधन का आभार जताया. उन्होंने कहा, एमआई के ग्लोबल क्रिकेट संचालन का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है. नीता अंबानी और आकाश के नेतृत्व ने MI को दुनिया की सबसे मूल्यवान क्रिकेट फ्रेंचाइजी बना दिया है और मैं MI को विश्व स्तर पर बढ़ते हुए देखकर बहुत खुश हूं. मैं इस नई जिम्मेदारी के लिए तैयार हूं.
जहीर खान ने भी खुद को ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट की जिम्मेदारी दिए जाने पर टीम प्रबंधन का आभार जताया. उन्होंने कहा, मैं इस नई भूमिका को विनम्रता से स्वीकार करता हूं और मुझ पर विश्वास करने के लिए श्रीमती नीता अंबानी और आकाश को धन्यवाद देता हूं. एक खिलाड़ी के रूप में और एक कोचिंग टीम के सदस्य के रूप में एमआई मेरे लिए घर की तरह है. इसके ग्लोबल नेटवर्क में सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करने को तैयार हूं.