पाकिस्तान के लेफ्टआर्म पेसर शाहीन शाह अफरीदी ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में भारत की हालत खस्ता कर दी थी. लेकिन इस बार वह चोट के कारण एशिया कप में नहीं खेल पाएंगे.

भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में अब एक ही दिन बचा है. इससे पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने प्रैक्टिस के दौरान दोस्ताना माहौल एक-दूसरे से मुलाकात की. पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी भले इस टूर्नामेंट में घुटने की चोट के चलते बाहर हो गए हों. लेकिन वह टीम के साथ इस टूर्नामेंट में बने हुए हैं. जब पाकिस्तान की टीम मैदान पर प्रैक्टिस कर रही थी, तो शाहीन शाह अफरीदी भी घास पर बैठे हुए थे. इस दौरान जैसे ही भारतीय खिलाड़ी मैदान पर दाखिल हुए तो उन्होंने भी इस तेज गेंदबाज से मुलाकात कर उनकी चोट का हालचाल जाना.
अफरीदी ने जैसे ही भारतीय खिलाड़ियों को उनकी ओर आते देखा वह खड़े हो गए. उन्होंने पहले चहल से बात की, फिर विराट कोहली, ऋषभ पंत और अंत में केएल राहुल को बारी-बारी अपनी चोट का हाल बताया. बता दें भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में रविवार 28 अगस्त को एक-दूसरे के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी. इस मैच का इंतजार दुनिया भर के क्रिकेट फैंस कर रहे हैं.
इस मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दोस्ताना माहौल में एक-दूसरे से मुलाकात की है, जिसके कुछ वीडियो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट किए हैं. पीसीबी द्वारा शेयर इस वीडियो में शाहीन अफरीदी भारतीय क्रिकेटर्स के साथ बात कर रहे हैं. शाहीन ने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ भी बात की.
इस वीडियो में शाहीन अफरीदी विराट कोहली के फॉर्म में आने की दुआ कर रहे हैं. विराट ने इस विश के लिए अफरीदी को धन्यवाद दिया और साथ ही उन्हें अपना ख्याल रखने की बात भी कही.
पीसीबी ने विराट कोहली और अफरीदी की बातचीत का वीडियो अलग से पोस्ट किया. इसमें कोहली पहले शाहीन का हाल चाल पूछते हैं. शाहीन उन्हें बताते हैं कि वह वर्ल्ड कप तक फिट हो पाएंगे. इसके बाद वह कहते हैं, ‘आपके लिए दुआ है कि आप जल्द फॉर्म में लौटें.’ इस पर कोहली मुस्कुराकर ‘थैंक्यू’ कहते हैं. जाते-जाते दोनों खिलाड़ी हाथ मिलाते हैं और कोहली शाहीन को जल्द ठीक होने की दुआ भी देते हैं. बता दें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान अफरीदी को घुटने में चोट लगी थी.