आरसीपी सिंह ने उन्होंने जदयू को डूबता जहाज बताते हुए कहा, ‘नीतीश कुमार सात जन्म में भी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे.’

दिग्गज नेता आरसीपी सिंह ने जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले सुबह ही पार्टी ने उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। अपने गांव से इस्तीफे का एलान करते हुए आरसीपी सिंह ने जदयू को डूबता जहाज बताया। आरसीपी सिंह ने मुस्तफापुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी छोड़ने की घोषणा की और अपनी पार्टी बनाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मेरे नाम कोई भी जमीन नहीं है। मुझ जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वह सभी निराधार हैं। जदयू की ईर्ष्या का कोई इलाज नहीं है। मैं इन हालातों में उनके साथ आगे नहीं बढ़ सकता। जद (यू) से इस्तीफा देने के बाद आरसीपी सिंह ने कहा कि जब भी मेरी पार्टी के कार्यकर्ता या उनके परिवार के सदस्य किसी परेशानी में रहे हैं, मैंने उनकी मदद की पेशकश की है। अगर आपको मुझसे नाराजगी है तो मुझसे निपटें। बच्चों को इसमें क्यों घसीटें?
जदयू ने आरसीपी सिंह से उनकी बेटियों से जुड़ी संपत्तियों में ‘अनियमितताओं’ के बारे में सवाल पूछा था.
नीतीश कुमार कथित तौर पर गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी के साथ बढ़ती नजदीकियों को लेकर आरसीपी सिंह से नाराज थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरसीपी सिंह ने पार्टी प्रमुख की सहमति के बिना केंद्रीय कैबिनेट की कुर्सी कबूल कर ली थी. हालांकि, इस पर आरसीपी सिंह ने कहा कि भाजपा केवल मुझे मंत्री बनाना चाहती थी. जब मैंने इसके बारे में नीतीश कुमार को बताया तो उन्होंने खुद कहा कि दिल्ली जाकर शपथ लिजिए.
पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए सिंह ने कहा था कि उनके खिलाफ एक साजिश रची जा रही थी, क्योंकि वह केंद्रीय मंत्री बन गए थे. नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘ईर्ष्या का कोई इलाज नहीं है.’
साथ ही आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार को ललकारते हुए कहा, ‘आप हमसे सियासी लड़ाई लड़िए. जहां भी चलना है, चलिए, फील्ड में निपटिए.’
उन्होंने जदयू को डूबता जहाज बताते हुए कहा, ‘नीतीश कुमार सात जन्म में भी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे.’
इससे पहले जदयू ने उन पर आरोप लगाया कि राज्यसभा सांसद और फिर केंद्रीय मंत्री रहते हुए आरसीपी सिंह ने अकूत अचल संपत्ति बनाई है। वह भी गलत तरीके से। राज्यसभा की सदस्यता खत्म होने पर पिछले महीने ही आरसीपी सिंह ने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
एक बात यह भी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह में पिछले कुछ समय से काफी खटास बढ़ गई थी। यही कारण है कि मंत्री पद जाते ही खुद की पार्टी से इतने बड़े आरोप लगने पर कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं। कहा जाने लगा था कि जेडीयू में कुछ लोग हैं, जो आरसीपी सिंह की राजनीति खत्म करना चाहते हैं।