मुनव्वर फारूकी ने ट्वीट किया, ‘दोस्तों, कुछ वजहों से मैं खतरों के खिलाड़ी-12 का हिस्सा नहीं बन पाऊंगा। मुझे सच में खेद है, यकीन मानो मेरा बहुत मन था लेकिन..

लॉक अप के विजेता मुनव्वर फारूकी के फैन्स के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि मुनव्वर अब रोहित शेट्टी के शो का हिस्सा नहीं होंगे। चर्चा थी कि खतरों के खिलाड़ी 12 के पहले दो स्टंट में मुनव्वर को फैंस नहीं देख पाएंगे। क्योंकि वो देरी से शो का हिस्सा बनेंगे। बताया गया था कि मुनव्वर के पासपोर्ट और वीजा को लेकर कुछ दिक्कतें आ रही थीं। तभी से इस बात की जोरदार चर्चा थी कि मुनव्वर शो से बाहर हो गए होंगे, लेकिन अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई थी।
अब शुक्रवार को मुनव्वर फारूकी ने बता दिया है कि वह खतरों के खिलाड़ी के आगामी सीजन का हिस्सा नहीं होंगे। मुनव्वर ने ट्विटर पर यह घोषणा की है और अपने प्रशंसकों को निराश करने के लिए माफी भी मांगी है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘दोस्तों, कुछ कारणों की वजह से मैं ‘खतरों के खिलाड़ी सीजन 12′ का हिस्सा नहीं बन पाऊंगा. मैं आपसे माफी मांगता हूं. यकीन मानों मेरा बहुत मन था, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर है. आप सब निराश हो लेकिन नहीं जा पाने का मुझे भी बुरा लग रहा है. एंटरटेनमेंट आता रहेगा.’ आखिर में उन्होंने लिखा- ‘मुझे कुछ समय अकेला रहने की जरूरत है.’
मुनव्वर फारूकी के इस पोस्ट पर फैंस लगातार कॉमेंट कर रहे हैं और सब जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘आप जो भी फैसला लें उसमें हमेशा आपके साथ हैं.’ एक अन्य ने कहा, ‘कोई न ब्रो हम साथ में हमेशा.’ लॉकअप में उनकी साथी प्रतियोगी निशा रावल ने कॉमेंट करते हुए लिखा, ‘मुझे यकीन है कि अद्भुत अवसरों का एक और बड़ा द्वार आपका इंतजार कर रहा है!’. एक यूजर ने यह भी कहा, ‘हम सब हमेशा आपके साथ हैं भाई… मोर पावर टू यी… रब राखा.’
आपको बता दें कि 2 जुलाई से शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे से कलर्स टीवी पर ये शो प्रसारित किया जाएगा. शो में रुबीना दिलैक, शिवांगी जोशी, सृति झा, मोहित मलिक, तुषार कालिया सहित कई सेलेब्स खतरों से पंगा लेते नजर आने वाले हैं.