‘बाहुबली’ फेम प्रभास की अपकमिंग मूवी ‘सालार’ का फैंस बेसब्र होकर इंतजार कर रहे हैं। अब KGF 2 के डायरेक्टर प्रशांत नील की मूवी से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है, जिसे जानकर सभी की खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा।

साउथ फिल्मों के सुपरहिट एक्टर प्रभास इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। एक तरफ जहां एक्टर दीपिका पादुकोण के साथ प्रोजेक्ट के की शूटिंग कर रहे हैं। तो वहीं इसी बीच एक्टर की दूसरी फिल्म ‘सालार’ को लेकर एक खुलासा हुआ है। हाल ही में फिल्म के सेट से अभिनेता की तस्वीर वायरल हुई थी, जिसे देखने के बाद फैंस के बीच ‘सालार’ को लेकर एक्साइटमेंट और भी ज्यादा बढ़ गई है।
फिलहाल रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सालार’ में अभिनेता प्रभास डबल रोल करते हुए दिखाई दे सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभास डायरेक्टर प्रशांत नील की मूवी ‘सालार’ में डबल रोल में नजर आएंगे। दो अलग-अलग लुक में दिखाई देंगे।
इसके अलावा जानकारी है कि फिल्म की कहानी को दो अलग-अलग टाइम पीरियड में दिखाया जाएगा। दर्शकों को बाहुबली तो याद होगी ही। इस फिल्म में अभिनेता ने एक भाग में पिता अमरेंद्र बाहुबली तो दूसरे में बेटे महेंद्र बाहुबली का किरदार अदा किया है और यह फिल्म सुपर-डुपर हिट रही।
कहा जा रहा है कि इस फिल्म में भी कुछ ऐसा ही हो सकता है। बात करें फिल्म ‘सालार’ की तो जानकारी के मुताबिक यह एक जबरदस्त एक्शन थ्रिलर होगी, जिसमें अभिनेता प्रभास के अपोजिट अभिनेत्री श्रुति हासन नजर आने वाली हैं। वह फिल्म में प्रभास की प्रेमिका रुचि का किरदार निभाती दिखेंगी।
फिल्म की रिलीज को लेकर कहा जा रहा है कि मेकर्स ‘सालार’ को 2023 तक रिलीज कर सकते हैं। प्रभास को हाल ही में अपनी अपकमिंग मूवी ‘आदिपुरुष’ के को-स्टार सैफ अली खान के साथ देखा गया, जहां उनका जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन दिखाई दिया।
एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर मूवी ‘बाहुबली’ ने प्रभास को सफलता के उस शिखर तक पहुंचाया, जहां तक जाने के लिए हर ऐक्टर कामना करता है। उनके पीछे दुनिया पागल हो गई थी, लेकिन जब उनकी फिल्म ‘साहो’ आई तो वैसा जादू नहीं चल पाया। इसके बाद प्रभास की ‘राधे श्याम’ रिलीज हुई, जो बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम हो गई। लगातार दो फिल्में फ्लॉप होने की वजह से खुद प्रभास भी परेशान हो गए। यही वजह है कि ‘सालार’ मूवी में वो कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि इस फिल्म में वो वही पुराना वाला जादू बिखेरने में कामयाब होंगे।