पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर आज हम अपने उत्कृष्ट वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर 1998 में सफल परमाणु परीक्षणों के पीछे भारत के वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों की सरहाना की है। पीएम मोदी ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया और उनके राजनीतिक साहस की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर आज हम अपने प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उनके प्रयासों से 1998 में में पोखरण का सफल परीक्षण हुआ। उन्होंने कहा, हम अटल जी के कुशल नेतृत्व को भी गर्व के साथ याद करते हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट राजनीतिक साहस और राजनीतिक कौशल का परिचय दिया। साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने 1.22 मिनट के परीक्षण का एक वीडियो भी साझा किया है।
ज्ञात हो कि भारत के वैज्ञानिक कौशल और तकनीकी प्रगति को चिह्नित करने के लिए 1999 से 11 मई के दिन को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के रूप में मनाया जाता है. वर्ष 1998 में आज ही के दिन भारत ने वाजपेयी के नेतृत्व में पोखरण में पांच परमाणु परीक्षणों में से पहला परीक्षण किया था. भारत यह उपलब्धि हासिल कर परमाणु सम्पन्न देशों में शामिल होने वाला छठा देश बना था. भारत ने आज ही के दिन स्वदेश निर्मित हंस-3 विमान और छोटी दूरी की मिसाइल ‘त्रिशूल’ का भी सफल परीक्षण किया था, जो देश के लिए एक कीर्तिमान साबित हुआ. इन परीक्षणों से भारत ने पूरे विश्व में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया.