चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। चायना ईस्टर्न एयरलाइंस का यह बोइंग 737 विमान गुआंग्शी में सोमवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

चीन की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी, चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस का विमान कुनमिंग से गुआंझो के लिए निकला था. लेकिन, उड़ान भरने के सवा घंटे भर बाद ही विमान रडार से गायब हो गया. बोइंग 737-800 मॉडल के इस विमान में 123 यात्री और 9 चालक दल के सदस्य थे.एयरलाइन कंपनी ने एक बयान जारी करते हुए कहा है, “विमान क्रैश हो चुका है, इस बात की पुष्टि हो गई है.” चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने इसके साथ ही विमान में सवार लोगों को परिजनों के लिए हॉटलाइन डिटेल्स भी साझा किए.विमान जिस जगह पर क्रैश हुआ है, वहां पहाड़ी जंगल में भीषण आग लग चुकी है. चीन के मीडिया के मुताबिक विमान पूरी तरह मलबे के रूप में बिखरा पड़ा है.
विस्तृत खोज और बचाव अभियान का आदेश
‘सिविल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना’ (चीन का नागरिक उड्डययन विभाग) की वेबसाइट पर मौजूद सूचना के अनुसार, विमान में सवार 132 लोगों में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य थे. दूसरी ओर, सरकारी प्रसारक सीजीटीएन-टीवी की खबर के अनुसार, विमानन कंपनी ने घोषणा की कि विमान में कोई विदेशी नागरिक सवार नहीं था.
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि विमान हादसे की खबर सुनकर वह ‘हैरान’ हैं और व्यापक तलाशी तथा बचाव कार्य का आदेश दिया है. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद जारी निर्देशों में शी ने कहा कि कुनमिंग से गुआनझो जा रहे ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ के विमान एमयू5735 के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर वह हैरान हैं. उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए विस्तृत खोज और बचाव अभियान चलाने का आदेश दिया.
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा रही है और विमानन क्षेत्र तथा लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए विमानन क्षेत्र की सुरक्षा को बेहतर बनाने की आवश्यकता है.
117 दमकल कर्मी और 23 दमकल गाड़ियां पहुंचीं
सदर्न थियेटर कमान ने सोमवार को कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की टीम तत्काल राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई. सरकारी मीडिया के अनुसार, विमान तेजी से पहाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
क्षेत्रीय दमकल विभाग ने बताया कि वुझो दमकल विभाग ने 117 दमकल कर्मियों को 23 दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर भेजा है. उन्होंने बताया कि गुआंगशी के अन्य हिस्सों से और 538 दमकल कर्मियों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया है. क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी छेन जी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव अभियान जारी है.
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की खबरों के अनुसार, विमानन कंपनी ने नौ दलों का गठन किया है जिनका काम विमान के मलबे का निस्तारण, दुर्घटना की जांच करना और पीड़ित परिवारों की मदद करना है.
दुर्घटना की जांच पूरी गंभीरताः PM क्विंग
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री ली क्विंग ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने का प्रयास करते हुए कहा कि उनकी सहायता की जाएगी, समय पर तथ्यात्मक रूप से सही जानकारी/सूचना उपलब्ध करायी जाएगी, दुर्घटना की जांच पूरी गंभीरता से की जाएगी और नागरिक उड्डययन क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे.
इस बीच, विमानन कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि चीन की तीन सबसे बड़ी विमानन कंपनियों में शामिल ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ ने सोमवार को हुए हादसे के बाद अपने सभी बोईंग 737-800 विमानों की उड़ानें रद्द कर दी हैं. इस बीच, चाइना ईस्टर्न एयरलाइन ने अपनी वेबसाइट का रंग बदलकर काला कर दिया है.
सीटीडी समाचार के अनुसार, गुआनझो बाईयुन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक कर्मचारी ने बताया कि कुनमिंग से गुआनझो जा रहा विमान एमयू5735 अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचा. इस विमान को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:10 मिनट पर कुनमिंग से उड़ान भरनी थी और दोपहर 2:52 बजे गुआनझो पहुंचना था, लेकिन बीच रास्ते में यह हादसे का शिकार हो गया.