
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा नई शिक्षा नीति 2020 के आधार पर शेड्यूल की गई हैं. सीआईएससीई बोर्ड परीक्षा भी इसी तरह से दो टर्म में आयोजित की जा रही हैं. सीबीएसई टर्म 2 परीक्षा 26 अप्रैल 2022 से शुरू होगी. बोर्ड परीक्षा शुरू होने में सिर्फ 47 दिन बचे हैं. ऐसे में अब बोर्ड परीक्षा की तैयारी में किसी भी तरह की गलती नहीं की जानी चाहिए .
10वीं और 12वीं की परीक्षा चाहे जिस भी बोर्ड की हो, उनकी तैयारी करने का तरीका लगभग एक सा ही होता है किसी भी परीक्षा की तैयारी से पहले उसका सिलेबस और एग्जाम पैटर्न समझ लेना चाहिए. इससे परीक्षा की तैयारी बेस्ट तरीके से की जा सकती है अगर आप सीबीएसई टर्म 2 परीक्षा में शामिल होने वाले हैं तो बचे हुए दिनों में इस तरह से तैयारी दुरुस्त करें.
इस तरह से चेक करें अपनी तैयारी
बोर्ड परीक्षा की तैयारी करते समय मॉक टेस्ट या सैंपल पेपर की सहायता जरूर लें. इन्हें सॉल्व करके आप अपनी परफॉर्मेंस इवैल्युएट कर सकते हैं. इससे यह भी पता चल जाएगा कि किस विषय में आपकी कितनी तैयारी हो चुकी है.
इन चीजों का बनाएं शेड्यूल
बोर्ड परीक्षा देने से पहले अपना फिक्स शेड्यूल बनाएं. इसमें कमजोर और मजबूत विषयों के लिए समय निर्धारित करें. अगर कोई सब्जेक्ट या टॉपिक आपको आसान लगता है तो भी उसे इग्नोर न करें और उसका रिवीजन करते रहें.
लिखने की प्रैक्टिस सबसे जरूरी
इस साल भी ज्यादातर छात्रों ने ऑनलाइन स्टडी और सेल्फ स्टडी के जरिए अपनी पढ़ाई की है. इस स्थिति में स्टूडेंट्स की राइटिंग प्रैक्टिस काफी प्रभावित हुई है. बेहतर रहेगा कि आप बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले राइटिंग प्रैक्टिस पर एक्सट्रा ध्यान देना शुरू कर दें.