
बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव की घोषणा के बाद प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्नेस ने आठ सीटों पर उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद शनिवार को आठ उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस मौके पर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजेश राठौड़ ने कहा कि हम समझते हैं कि यह पहली सूची है अन्य सीटों के लिए और नाम घोषित किए जाने की संभावना है। कांग्रेस ने कटिहार सीट पर सुनील कुमार यादव, पश्चिम चंपारण से मोहम्मद अफाक अहमद, मधुबनी से सुबोध मंडल, बेगूसराय उर्फ खगड़िया से राजीव कुमार, सीतामढ़ी उर्फ शिवहर से नूरी बेगम, सिवान से अशोक कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर से अजय कुमार यादव और सारण से सुशांत कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।