उत्तर प्रदेश में तीन चरणों का मतदान पूरा हो चुका है। अब सभी राजनीतिक दलों की नजर चौथे चरण पर है। जिन जिलों में चौथे चरण का चुनाव होना है, वहां आज शाम प्रचार-प्रसार थम जाएगा। ऐसे में प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार हैं।

इस चुनाव में सीधा मुकाबला भाजपा और जनता के बीच है
हरदोई से सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि गौशालाओं जो बनी थी उसमें भूखी गाय मर रही हैं। बाबाजी जो बता रहे थे की हम उत्तर प्रदेश को सुधार देंगे, किसानों की मदद करेंगे वह अपने प्रिय जानवर का भी ध्यान नहीं रख पा रहे हैं। यह चुनाव सरकार बनाने का है। मुकाबला सीधा भाजपा और जनता का है।
योगी के घर से कभी-कभी धुआं उठता है: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि ये कहते हैं कि समाजवादी लोग 12 बजे सोकर उठते हैं। जिस दिन से इन्होंने कहा है तब से मैं भी इनके घर पर नजर रखता हूं। वहां से कभी-कभी धुआं उठता दिखता है।
हमें हर चरण में मिल रहा समर्थन: अखिलेश
हरदोई में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने दावा किया कि पहले, दूसरे और तीसरे चरण के मतदान में लगातार जनता समर्थन दे रही है। पहली बार ऐसा लग रहा है कि हर चरण में जनता आपस में मुकाबला कर रही है। जनता यह मुकाबला कर रही है कि किस चरण में भाजपा को ज्यादा वोटों से हराएं।
पहले बिजली की भी जाति और मजहब होती थी: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में जनसभा की। यहां उन्होंने कहा कि पहले बिजली की भी जाति और मजहब होती थी। ईद और मोहर्रम होता था तो बिजली आती थी और होली-दिवाली पर नहीं आएगी। आज ऐसा भेदभाव नहीं है। आज चाहे होली-दिवाली हो या ईद-मोहर्रम या क्रिसमस या शिवरात्री सबको बिजली देना का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया है।