
प्रियंका गांधी वाड्रा ने पंजाब के रूपनगर में ट्रैक्टर पर सवार होकर रोड शो किया। उनके साथ मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी थे। प्रियंका ने रास्ते में लोगों का अभिवादन किया और कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट करने की अपील की। इस दौरान लोगों की खासी भीड़ देखी गई। समर्थक फूलों की वर्षा कर रहे थे।
प्रियंका ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि आपके सामने भाजपा और आप के नेता हैं। दोनों एक ही खेल खेलते हैं। दोनों एक जैसे हैं। नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल को देखिए- इन दोनों की शुरुआत कहां से हुई? इन दोनों की शुरुआत आरएसएस से हुई थी।
प्रियंका का कहना था कि इनमें से एक गुजरात मॉडल का बात करते हैं तो दूसरे दिल्ली मॉडल की, लेकिन आपने गुजरात मॉडल देखा- किसी को नौकरी नहीं मिली, किसी का धंधा ठीक नहीं चल रहा, किसी को कोई सहायता नहीं मिली।
राहुल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक खोला, लेकिन सच्चाई यह है कि मोहल्ला क्लीनिक कांग्रेस की सरकार में शीला दीक्षित ने खोला था। कोरोना के समय मोहल्ला क्लीनिक की सच्चाई सिर्फ दिल्ली ने नहीं पूरी दुनिया ने देखी है।