राहुल गांधी ने भाजपा और आप का मज़ाक उड़ाते हुए दावा किया कि उन्होंने नशीली दवाओं के खतरे, भ्रष्टाचार और कोविड पर अंकुश लगाने के झूठे वादे किए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ‘अगर आपको यदि झूठे वादे सुनना चाहते हैं तो आपको मोदी जी, और केजरीवाल जी को सुनना चाहिए।’ राहुल ने कहा कि उन्हें केवल सच बोलने की शिक्षा मिली है। पटियाला के राजपुरा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने यह बात कही। राहुल इन दिनों में पंजाब में पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने होशियापुर में चुनावी रैली की। पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों के लिए 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
मैं कभी झूठे वादे नहीं करता
राहुल ने कहा, ‘मैं झूठे वादे नहीं करता। आप लोगों को यदि झूठे वादे सुनना हो तो आप को मोदी, बादल जी और केजरीवाल जी को सुनना चाहिए। मुझे केवल सच बोलने की शिक्षा मिली है।’
पंजाब को केवल कांग्रेस समझती है
आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा, ‘यह पार्टी पंजाब को नहीं समझती है। वह इस राज्य की देखभाल नहीं कर सकती। इस राज्य को केवल कांग्रेस समझती है और वही इसे आगे ले जा सकती है। हमारी सरकार किसान समर्थक है, इसीलिए वह कृषि कानूनों के खिलाफ खड़ी हुई।’ मुहल्ला क्लीनिक स्थापित करने के आप के दावों पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि दिल्ली में कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान सभी ने स्थिति देखी। उन्होंने कहा, ‘अगर उन्होंने (आप) दिल्ली की तस्वीर बदल दी थी, तो कोविड की दूसरी लहर के दौरान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर क्यों उपलब्ध कराने पड़ते? कोविड के दौरान दिल्ली की आप सरकार पूरी तरह से नाकाम रही।’