पाकिस्तान के पूर्व ICC एलीट अंपायर असद रऊफ का 66 वर्ष की आयु में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया है. जैसे ही यह खबर सामने आई पाकिस्तान क्रिकेट में मायूसी छा गई है.

पूर्व पाकिस्तानी अंपायर असद रऊफ का बुधवार को निधन हो गया. उन्होंने लाहौर में आखिरी सांसें लीं. उनके भाई ताहिर रऊफ ने बताया कि असद जब अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और उनकी मौत हो गई. असद रऊफ 66 वर्ष के थे. एक वक्त वह ICC के एलीट पैनल में भी शामिल थे.
7 साल तक ICC के एलीट अंपायर पैनल में शामिल रहे
असद रऊफ को साल 2006 में ICC ने अपने एलीट अंपायर पैनल में शामिल किया. इस पैनल में वह 2013 तक शामिल रहे. उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर 64 टेस्ट, 28 T20I और 139 वनडे मुकाबलों में अंपायरिंग की. साल 2013 में IPL स्पॉट फिक्सिंग में नाम आने के बाद उनका करियर खत्म हो गया.
आपको बता दें कि साल 2013 में बीसीसीआई ने उनको बैन कर दिया क्योंकि आईपीएल की डिसीप्लेनरी एक्शन टीम ने पाया था कि असद रऊफ ने बुकी से महंगे गिफ्ट लिए थे और आईपीएल में फिक्सिंग में उनकी इनवोल्वमेंट थी. हालांकि उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोप को गलत बताया था.
लाहौर में चलाते थे जूते-कपड़े की दुकान
रऊफ पर जब 2013 में स्पॉट फिक्सिंग का आरोप लगा तो उन्होंने फौरन भारत छोड़ दिया. आरोप लगने के बाद ICC ने उन्हें इंटरनेशनल अंपायर पैनल से भी ड्रॉप कर दिया. इसके बाद BCCI ने तीन साल बाद इस मामले में उन्हें दोषी पाया और 2016 में 5 साल के लिए बैन लगाया . इसके बाद रऊफ ने लाहौर में जूते-कपड़े की दुकान खोल ली. वह पिछले कई साल से इसी पेशे के जरिए अपना घर खर्च चला रहे थे.