यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शनिवार दोपहर में एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार असंतुलित होकर यमुना एक्सप्रेस-वे से करीब 20 फीट नीचे जाकर पलट गई।

यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार असंतुलित होकर यमुना एक्सप्रेसवे से करीब 20 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में कार में सवार एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि आज सुबह हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले भरत और गौरव एक कार में सवार होकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जा रहे थे। उन्होंने बताया कि गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में भरत (21 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक व घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा इतना भीषण था कि बीएमडब्ल्यू कार के परखच्चे उड़ गए। कथित तौर पर घटना के समय कार की रफ्तार काफी अधिक थी।