दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सूरत में एक बैठक में बिना किसी कटौती के निर्बाध बिजली आपूर्ति का वादा भी किया.

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज गुरुवार को वादा किया कि उनकी पार्टी गुजरात में सत्ता में आने पर प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी. राज्य में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सूरत में एक बैठक में बिना किसी कटौती के निर्बाध बिजली आपूर्ति का वादा भी किया.
उन्होंने कहा, ‘मैं आपको गारंटी दे रहा हूं. अगर आपको कोई कमी दिखे, तो आप अगले चुनाव में ‘आप’ को बेझिझक वोट ना दें. एक बार राज्य में सत्ता में आने के बाद हम सभी वादे पूरे करेंगे.’ केजरीवाल ने कहा कि 31 दिसंबर 2021 से पहले जारी सभी लंबित बिजली बिल माफ किए जाएंगे.
गुजरात में AAP की पहली गारंटी बिजली के मुद्दे पर लाए हैं: केजरीवाल
सीएम ने यहां कहा कि सबसे बड़ी समस्या गुजरात के लोगों की है महंगाई. खर्चे बढ़ते जा रहे हैं आमदनी नहीं बढ़ रही लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है. महंगाई में भी सबसे ज्यादा मुश्किल हो रहा है बिजली के रेट. आप संयोजक ने कहा कि लोगों ने मुझसे कहा कि केजरीवाल जी सुना है आपने दिल्ली में बिजली मुफ्त कर दी और अब पंजाब में भी बिजली मुफ़्त हो गई है. लोग चाहते हैं गुजरात में भी बिजली फ्री हो. केजरीवाल ने आगे कहा कि पहली गारंटी हम बिजली के मुद्दे पर ले कर आए हैं. जो गारंटी दे रहे हैं वह पूरी करेंगे अगर पूरी ना हो तो अगली बार वोट मत देना. केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में करके दिखाया है वही गुजरात में करके दिखाएंगे.
CM ने कहा कि बिजली की गारंटी में 3 चीज़ हैं –
- गुजरात में सरकार बनते ही 3 महीने में 300 यूनिट बिजली हर महीने मुफ़्त देंगे
- 24 घंटे बिजली मिलेगी
- 31 दिसंबर तक का सारा पुराना बकाया बिल माफ करेंगे