उत्तर प्रदेश में बुधवार से 12 से 14 साल तक के बच्चों को कोरोना टीका लगाने का अभियान शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह सुबह सिविल अस्पताल पहुंचे और टीका लगवाने आए बच्चों से बातचीत की।

12 से 14 साल तक के बच्चों का कोरोना टीकाकरण अभियान बुधवार से शुरू हो गया। लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए फिलहाल दो केंद्र बनाए हैं। सुबह कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिविल अस्पताल में बने टीकाकरण बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीका लगवाने आए बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों से उनका हालचाल भी पूछा। उन्होंने कहा कि इस सदी की सबसे बड़ी महामारी के खिलाफ लड़ने का हमारा अभियान जारी है। पूरी दुनिया ने भारत के कोरोना प्रबंधन की सराहना की है।
यूपी में 84 लाख 64 हजार बच्चों को लगनी है वैक्सीन: योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में कोरोना पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ ट्रिपल टी का जो फार्मूला लागू किया, उसमें हम अग्रणी रहे। यूपी सर्वाधिक टेस्ट करने और वैक्सीन वाला राज्य बन गया है। यूपी में 29 करोड़ 54 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन का पहला डोज दिया जा चुका है। 82 फीसदी से अधिक लोगों ने प्रीकॉशन डोज़ ले ली है। 15 से 17 आयु वर्ग के बच्चों में 1 करोड़ 29 लाख 22 हज़ार से अधिक यानी 92 फीसदी से अधिक को डोज़ दे चुके हैं। इनमे 65 लाख 50 हज़ार यानी 47 फीसदी सेकंड डोज़ को सेकेंड डोज भी लगा दिया गया है। पूरे प्रदेश में 12 से 14 साल के 84 लाख 64 हजार बच्चों को वैक्सीन लगाई जानी है।