पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने आक्रामक चुनाव प्रचार किया था। दोनों नेताओं ने ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला था।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी की भी एंट्री होगी। प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान ममता एक बार राजधानी लखनऊ पहुंच चुकी हैं, मगर उन्होंने अभी तक कोई जनसभा नहीं की है। प्रदेश में चुनाव के दौरान ममता की एकमात्र जनसभा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में होगी। इस जनसभा को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया चौधरी जयंत सिंह भी संबोधित करेंगे।
गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगी ममता
तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। काशी पहुंचने के बाद ममता पहले गंगा पूजन करेंगी और उसके बाद विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगी। इस दौरान वे बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए भी जा सकती हैं। ममता बनर्जी की चुनावी जनसभा का आयोजन 3 मार्च को ऐढ़े में किया गया है। ममता की चुनावी सभा पर सभी की नजरें लगी हुई हैं क्योंकि इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह भी हिस्सा लेंगे। तीन बड़े नेताओं की संयुक्त रैली को सफल बनाने के लिए सपा और रालोद दोनों दलों ने पूरी ताकत लगा दी है। रैली की तैयारियों के सिलसिले में पश्चिमी यूपी से रालोद के कई पदाधिकारी भी वाराणसी पहुंचे हैं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने भी इस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। सपा उपाध्यक्ष किरणमय नंदा और समाजवादी युवजन सभा के नेता भी रैली की तैयारियों में जुटे हुए हैं।