मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए गए सत्येंद्र जैन को देशभक्त बताते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें पद्म विभूषण दिया जाना चाहिए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए गए सत्येंद्र जैन को ‘मोहल्ला क्लीनिक’ मॉडल देने के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए, जो लोगों का मुफ्त इलाज करता है। केजरीवाल ने जैन को एक “कट्टर ईमानदार और देशभक्त” व्यक्ति के रूप में बचाव किया, जिसे “झूठे मामले” में फंसाया जा रहा था और उम्मीद जताई कि ईडी की जांच के बाद मंत्री साफ हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को सत्येंद्र जैन के ऊपर गर्व होना चाहिए क्योंकि उन्होंने मोहल्ला क्लिनिक का कॉन्सेप्ट दिया, जिसे देखने संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव सहित दुनियाभर के लोग आते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने जैन को क्लीन चिट दी है और अब ईडी ने जांच शुरू की है, मंत्री पाक साफ निकलेंगे। बता दें कि सत्येंद्र जैन अरविंद केजरीवाल सरकार में स्वास्थ्य, बिजली और गृह सहित विभिन्न मंत्रालय संभाल रहे हैं। ईडी ने सोमवार को आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन को धनशोधन निवारण अधिनियम की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था।