पुलिस के मुताबिक केरल के बीजेपी नेता श्रीनिवास की हत्या के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं.

केरल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के ओबीसी मोर्चा के नेता की हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. हत्या के आरोपी ने कथित तौर पर एक गृहिणी के सिम कार्ड का इस्तेमाल किया, जिसे अवैध तरीके से खरीदा गया था. नाम न उजागर करने की शर्त पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया, ‘आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए सिम कार्डों में से एक यहां के पास पुन्नापरा की एक गृहिणी के नाम पर था. हमने उससे पूछताछ की है. ऐसा लगता है कि उसके दस्तावेज कुछ लोगों द्वारा सिम कार्ड हासिल करने के लिए अवैध रूप से हासिल किए गए थे. मामले में जांच जारी है.’
महिला ने मीडिया को बताया कि वह अगस्त में नया सिम कार्ड खरीदने एक मोबाइल फोन की दुकान पर गई थी और अपना आधार कार्ड व फोटो दी थी. उसने कहा, ‘हाल में, जब पुलिस मेरे घर आई और पूछताछ की तो मुझे पता चला कि मेरे साथ धोखा हुआ है. पुलिस ने बताया कि रंजीत हत्या मामले में आरोपी ने मेरे नाम से जारी सिम का इस्तेमाल किया था. मैंने उन्हें बताया कि मैं निर्दोष हूं.
महिला ने बताया कि पुलिस द्वारा पूछताछ करने के बाद से वह काफी मानसिक पीड़ा में है. उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि इस सब के पीछे हमारे वार्ड सदस्य सुल्फिक्कार का हाथ था. वह मेरे दिवंगत बेटे का मित्र था. मैंने उसे बेटे की तरह माना.”
महिला ने कहा कि वह पूछताछ के दौरान बेहोश हो गई थी और पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई. बीजेपी ओबीसी मोर्चा के नेता रंजीत श्रीनिवास की 19 दिसंबर को यहां उनके आवास पर कुछ हमलावरों ने हत्या कर दी थी. पुलिस के मुताबिक श्रीनिवास की हत्या के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं.
मामले में तीन और गिरफ्तार
केरल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के ओबीसी मोर्चा के नेता की हत्या के प्रकरण की जांच तेज करते हुये अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय सखारे के नेतृत्व वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गए लोगों में से दो व्यक्ति कथित तौर पर बीजेपी ओबीसी मोर्चा के नेता रंजीत श्रीनिवास की हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे, जबकि एक व्यक्ति को हमलावरों के गिरोह को साजो-सामान मुहैया कराने के लिए गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने बताया कि हमलावरों के इस गिरोह में शामिल ज्यादातर सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के कार्यकर्ता हैं, जो इस्लामिक संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई)की राजनीतिक शाखा है. पुलिस ने बताया कि इस गिरफ्तारी के साथ ही श्रीनिवास हत्या मामले में गिरफ्तार किये गये लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 14 हो गयी है. उन्होंने बताया कि इनमें से छह सीधे तौर पर हत्या में शामिल थे.
उन्होंने बताया कि शेष आरोपी अब भी फरार हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिये अभियान चला रही है. सखारे ने बताया, ‘श्रीनिवास हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की हमने पहचान कर ली है. हम उनका पता लगा रहे हैं और सबको जल्दी ही पकड़ लिया जायेगा.’