पिछले कुछ घंटों से ट्विटर यूजर्स को अपना अकाउंट एक्सेस करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन ये दिक्कत केवल कुछ ही यूजर्स को हो रही है, ऐसा इसीलिए क्योंकि मोबाइल ऐप पर किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है.

एलन मस्क के कमान संभालने के कुछ ही दिनों बाद आज ट्विटर का सर्वर डाउन हो गया, कई लोगों को पिछले कुछ घंटों से अपना ट्विटर अकाउंट एक्सेस करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. बता दें कि सर्वर डाउन होने के चलते यूजर्स ना ही अपना अकाउंट लॉग-इन कर पा रहे हैं और ना ही फीड्स को एक्सेस कर पा रहे हैं. यूजर्स को फीड एक्सेस करने पर स्क्रीन पर Something went wrong, but dont fret — lets give it another shot लिखा हुआ नजर आ रहा है.
इस तरह के आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, ट्विटर सर्वर डाउन की परेशानी सुबह 3 बजे से शुरू हुई जो सुबह 7 बजे तक काफी बढ़ गई थी. ना केवल इंडिया में बल्कि दुनियाभर के कई हिस्सों में सर्वर डाउन से लोग जूझ रहे हैं.
कमान संभालने के बाद सीईओ समेत अन्य बड़े अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद कर्मचारियों पर भी पिछले कराफी समय से तलवार लटक रही है. आज यानी 4 नवंबर से ट्विटर में छंटनी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, कहा जा रहा है कंपनी में काम करने वाले 7500 कर्मचारियों में से आधे लोगों को हाथ धोना पड़ेगा.
एक रिपोर्ट में कंपनी की ओर से जारी एक ईमेल का हवाला देते हुए बताया गया है कि आज 4 नवंबर से छंटनी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. कार्यालय में आने वाले कर्मचारियों को घर न लौटने के निर्देश दिए गए थे. छंटनी की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है और इसका असर ट्विटर पर भी दिख रहा है, जी हां, रात 3 बजे से ही सर्वर डाउन होने से यूजर्स को परेशानी हो रही है.