डीजी संदीप गोयल को हटाने का कोई स्पष्ट कारण आदेश में नहीं बताया गया है लेकिन यह कार्रवाई ठग सुकेश चंद्रशेखर के सनसनीखेज आरोपों के बाद की गई है. सुकेश ने हाल ही में उपराज्यपाल को एक पत्र लिख सनसनीखेज आरोप लगाए थे.

दिल्ली की तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन को VVIP सुविधाएं देने के मामले में कार्रवाई करते हुए तिहाड़ जेल के डीजी संदीप गोयल को हटा दिया गया है. अनुमान जताया जा रहा है कि सत्येंद्र जैन को जेल में स्पेशल सुविधाएं दिए जाने के आरोपों को लेकर उन पर यह कार्रवाई हुई है. उनकी जगह तिहाड़ जेल की जिम्मेदारी संजय बेनीवाल को दी गई है. जानकारी के अनुसार बेनीवाल आज ही तिहाड़ जेल में डीजी पद पर ज्वाइन करेंगे.
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, 1989 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी गोयल का तिहाड़ जेल से तबादला किया गया है और उन्हें आगे के आदेशों के लिए पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है. आदेश के मुताबिक, 1989 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी संजय बेनीवाल को नया महानिदेशक (जेल) बनाया गया है.
सुकेश ने लिखा उपराज्यपाल को पत्र
जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) नेता सत्येंद्र जैन ने जेल में उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2019 में 10 करोड़ रुपये वसूले थे. चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में मंडोली जेल में बंद है और उसने अपने वकील अशोक के सिंह के माध्यम से 8 अक्टूबर को उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना को एक पत्र लिखकर चौंकाने वाले आरोप लगाए.उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के अनुसार चंद्रशेखर का पत्र कार्यालय को मिला था और उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए 18 अक्टूबर को दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को भेज दिया गया.
सुकेश ने पत्र में लगाए गंभीर आरोप
पत्र में आरोप लगाया गया है कि चंद्रशेखर को दक्षिणी क्षेत्र में पार्टी में कोई महत्वपूर्ण पद देने और राज्यसभा के लिए नामांकन में मदद के लिए आप को 50 करोड़ रुपये से अधिक दिए गए. चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि 2017 में ‘दो पत्ती चुनाव चिह्न भ्रष्टाचार मामले’ में गिरफ्तारी के बाद उसे तिहाड़ जेल में बंद कर दिया गया था और जैन ने उससे मुलाकात की थी जो उस समय जेल विभाग के भी मंत्री थे. तिहाड़ जेल का संचालन दिल्ली सरकार का कारागार विभाग करता है.
चंद्रशेखर ने यह आरोप भी लगाया है, ‘इसके बाद 2019 में सत्येंद्र जैन और उनके सचिव एवं उनके करीबी दोस्त सुशील ने फिर जेल में मुझसे मुलाकात की, मुझे जेल में सुरक्षित रखने तथा बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए हर महीने दो करोड़ रुपये देने को कहा.’’ पत्र में आगे आरोप लगाया गया है, “इस प्रकार सत्येंद्र जैन को कुल 10 करोड़ रुपये और जेल महानिदेशक संदीप गोयल को 12.50 करोड़ रुपये दिए गए.’’ पत्र में यह भी कहा गया है कि चंद्रशेखर ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को यह जानकारी दी थी.
सत्येंद्र जैन को वीआईपी सुविधा देने के आरोप
हाल ही में तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में ईडी ने कहा था कि सत्येंद्र जैन को जेल में वीआईपी सुविधाएं दी जा रही हैं. ईडी के मुताबिक सत्येंद्र जैन की पत्नी पूनम जैन को उनके सेल तक पहुंचने की सुविधा दी गई. कई बार वह मुलाकात के लिए तय समय से अधिक देर तक वहां रुकती हैं. ईडी का आरोप है कि जैन को जेल में हेड मसाज, फुट मसाज और बैक मसाज जैसी तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं. ईडी के इन आरोपों के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सतेन्द्र जैन को तिहाड़ जेल में स्पेशल ट्रीटमेंट दिए जाने के मामले में दिल्ली सरकार के चीफ सेक्रेट्री से रिपोर्ट मांगी हैं.