बिहार की गोपालगंज और मोकामा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह 11 बजे तक 24.17 फीसदी मतदान हो चुका है। मोकामा में सर्वाधिक 27.03 फीसदी वोटिंग हुई। गोपालगंज में तीन जगहों पर ईवीएम बदले गए हैं।

बिहार में विधानसभा की दो सीटों मोकामा और गोपालगंज पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। मोकामा और गोपालगंज में हो रहे उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। मतदान के पहले दो घंटे में करीब 10 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
बिहार चुनाव विभाग के मुताबिक पहले दो घंटे में 10.38 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सुबह नौ बजे तक गोपालगंज में 9.37 फीसदी और मोकामा में 11.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. इस दौरान कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कुल 619 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें गोपालगंज में 330 और मोकामा में 289 मतदान केंद्र शामिल हैं. सुरक्षा के लिहाज से सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.
मोकामा विधानसभा उपचुनाव में जहां कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, वहीं गोपालगंज में नौ उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. मोकामा में कुल मतदाताओं की संख्या 2,81,251 है जबकि गोपालगंज में 3,31,469 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।शाम छह बजे तक दोनों सीटों पर मतदाता अपना वोट डाल सकेंगे। बिहार में सरकार बदलने के बाद यह पहला उपचुनाव है, जिससे सबकी निगाहें इस चुनाव पर टिकी हैं. दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला महागठबंधन और भाजपा के बीच माना जा रहा है।
गोपालगंज में यह सीट भाजपा विधायक और बिहार सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह के असामयिक निधन के कारण खाली हुई थी। वहीं, मोकामा के तत्कालीन विधायक अनंत सिंह ने अवैध हथियार रखने के आरोप में दोषी ठहराए जाने के बाद अपनी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी थी. अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा में और सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी गोपालगंज में खेत में हैं.
दोनों सीटों के लिए वोटों की गिनती 6 नवंबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा.