भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना अबू धाबी टी10 लीग में डेक्कन ग्लैडिएटर्स के के लिए आगामी सीजन में खेलते हुए नजर आएंगे। अबू धाबी टी10 लीग 2022 के ट्विटर अकाउंट ने इस बात की पुष्टि की है।

भारत के पूर्व ऑलराउंडर और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना अब अबू धाबी टी10 लीग 2022 खेलते दिखेंगे। उन्हेंने डिफेंडिंग चैंपियंस डेक्कर ग्लैडिएटर्स के साथ करार किया है। इसी साल सुरेश रैना ने आईपीएल समेत हर प्रारूप से संन्यास ले लिया था। ऐसा करते ही वे दुनिया के किसी भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलने के लिए योग्य बन गए। यूएई आधारित लीग अबू धाबी टी10 लीग ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
टी10 लीग ने ट्विटर पर लिखा- वर्ल्ड कप विजेता सुरेश रैना ने टीम डेक्कन ग्लैडिएटर्स के साथ करार किया है। वह भारत के सीमित ओवर के बेहतरीन क्रिकेटर्स में से एक रहे हैं। रैना पहली बार टी20 लीग खेलते दिखेंगे और हम इसका इंतजार नहीं कर सकते। वहीं, डेक्कन ग्लैडिएटर्स ने भी रैना को लेकर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- मैदान पर बिजली सी फूर्ति, बल्ले के साथ निडर और फील्डिंग में शानदार, इस जनरेशन के बेहतरीन क्रिकेटर्स में शामिल चिन्ना थाला सुरेश रैना डेक्कन ग्लैडिएटर्स से जुड़ने जा रहे हैं।
डेक्कन ग्लैडिएटर्स की टीम इस साल गत चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। पिछले सीजन में उन्होंने फाइनल में दिल्ली बुल्स को हराया था। रैना के अलावा इस टीम में आंद्रे रसेल, ओडियन स्मिथ, डेविड वीज, वहाब रियाज, वनिन्दु हसरंगा जैसे सितारे हैं। रैना ने 13 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी20 मैच खेले। उन्होंने वनडे में 35.31 की औसत से 5615 रन बनाए हैं। रैना ने टी20 में 1605 रन बनाए और टेस्ट में उनके नाम 768 रन हैं।
रैना तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। वह भारत के लिए ऐसा करने वाले पहले क्रिकेटर हैं। रैना के नाम वनडे में पांच शतक और 36 अर्धशतक हैं। वहीं टी20 में उनके नाम एक शतक और पांच अर्धशतक हैं. रैना ने टेस्ट में एक शतक और सात अर्धशतक बनाए। इसके अलावा रैना ने 205 आईपीएल मैच भी खेले हैं। इसमें उनके नाम 39 अर्द्धशतक और एक शतक है। आईपीएल में उन्होंने 136.76 की स्ट्राइक रेट और 32.52 की औसत से 5,528 रन बनाए। रैना आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें खिलाड़ी भी हैं।