एशियाई बाजारों में तेजी के बीच आज सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 61 हजार के पार पहुंच गया है. वहीं, निफ्टी में भी बढ़त का रुख बना हुआ है. निफ्टी 18, 130 पर पहुंच गया है.

एशियाई बाजारों में तेजी और विदेशी कोषों की लगातार आवक के बीच प्रमुख शेयर सूचकांकों ने मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी का सिलसिला बनाए रखा. इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 378.3 अंक चढ़कर 61,124.89 पर पहुंच गया। इसी तरह, व्यापक एनएसई निफ्टी 118.5 अंक बढ़कर 18,130.70 पर था. सेंसेक्स में डॉ रेड्डीज, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे. दूसरी ओर एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और टाटा स्टील में गिरावट हुई. अन्य एशियाई बाजारों में सोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे. वॉल स्ट्रीट सोमवार को गिरकर बंद हुआ था.
सेंसेक्स सोमवार को 786.74 अंक या 1.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,746.59 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 225.40 अंक या 1.27 फीसदी की बढ़त के साथ 18,012.20 पर बंद हुआ. अंतरराष्ट्रीय तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 0.98 फीसदी की गिरावट के साथ 94.83 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था. शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 4,178.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
किस सेक्टर में ज्यादा उछाल
आज के कारोबार को अगर सेक्टरवार देखें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स को छोड़कर सभी सेक्टर में तेजी दिख रही है. निफ्टी पीएसयू और निफ्टी फार्मा के इंडेक्स तो आज 1 फीसदी से भी ज्यादा के उछाल पर हैं. Equitas SFB के शेयरों ने आज शुरुआती कारोबार में ही 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त बना ली है, जबकि Castrol India के स्टॉक्स में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दिख रही है.
एशियाई बाजार भी हरे निशान पर
एशिया के ज्यादातर शेयर बाजार आज सुबह बढ़त पर खुले और हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं. सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज पर आज सुबह 0.66 फीसदी की बढ़त दिख रही है तो जापान का निक्केई 0.20 फीसदी के उछाल पर कारोबार कर रहा है. हांगकांग के बाजार में 2.69 फीसदी का जबरदस्त उछाल है तो ताइवान का बाजार 0.65 फीसदी की बढ़त पर कारोबार कर रहा है. दक्षिण कोरिया का कॉस्पी भी आज 1.39 फीसदी की बढ़त बना चुका है, जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट पर 0.74 फीसदी की बढ़त दिख रही है.