मुलायम सिंह यादव की अस्थियां लेकर उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हरिद्वार के लिए निकले तो प्राइवेट जेट में पत्नी डिंपल यादव और चाचा शिवपाल सिंह यादव भी उनके साथ ही रहे।

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर मुलायम सिंह की अस्थियां विसर्जित कीं. इसके बाद अखिलेश यादव ने भी गंगा में स्नान किया। अस्थि विसर्जन समारोह के दौरान अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव समेत परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे. अखिलेश यादव आज सुबह परिवार सहित सैफई से हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
समाजवादी पार्टी ने सोमवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ”राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी परिवार सहित पूज्य नेताजी की अस्थियां लेकर सैफई से हरिद्वार के लिए निकले थे.” इस ट्वीट में एक वीडियो भी शेयर किया गया है, जिसमें अखिलेश यादव की अस्थियां कलश लेकर कार में बैठी नजर आ रही हैं. तस्वीरें भी शेयर की गई हैं, जिसमें अखिलेश यादव हाथ में कलश लेकर आगे बढ़ रहे हैं. एक तस्वीर में अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव और शिवपाल सिंह यादव विमान में बैठे नजर आ रहे हैं.

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अखिलेश यादव, उनकी पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव, अखिलेश यादव के पुत्र-पुत्री, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता अपर्णा यादव (नेताजी की दूसरी पुत्रवधू), नेताजी के भाई अभय राम सिंह, शिवपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, आदित्य यादव समेत परिवार के लोगों का काफिला नेताजी के पैतृक आवास से कुल पुरोहित के साथ प्रातः 10 बजे कार से सैफई हवाई पट्टी के लिए रवाना हुआ. सैफई गांव से अस्थियां लेकर जाते समय वहां उपस्थित लोगों ने ‘अलविदा नेताजी’, ‘नेताजी अमर रहे’, ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, नेताजी का नाम रहेगा’ के नारे लगाए और यादव, उनके परिवार के लोगों को हाथ हिलाकर विदा किया.
बता दें कि सैफई परिवार ने अब तक अंतिम संस्कार से लेकर सभी क्रियाओं को पूरे विधि विधान से संपन्न किया है। शनिवार को अखिलेश यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचकर अस्थि अवशेषों को एकत्रित किया था। अब अस्थि विसर्जन भी विधि विधान से हरिद्वार में किया जाएगा। इसके बाद शाम चार बजे अखिलेश यादव सैफई के लिए रवाना हो जाएंगे।