डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यूएई पर जीत की दरकार थी. लेकिन यह मैच बारिश की भेंट चढ़ गया और थाईलैंड ने इतिहास रच दिया.

मेजबान बांग्लादेश और UAE के बीच का मुकाबला रद्द होते ही थाईलैंड की महिला क्रिकेट टीम की किस्मत भी चमक उठी. और, पहली बार वो हुआ जो कभी नहीं हुआ था. थाईलैंड की महिला टीम ने इतिहास पलटते हुए पहली बार एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. मेजबान बांग्लादेश को सेमीफाइनल की चौथी टीम बनने के लिए 2 अंकों की जरूरत थी, जो कि तभी संभव था, जब वो मुकाबला खेलती और उसे जीतती. लेकिन, मैच रद्द हो जाने से उसे UAE के साथ अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ा. नतीजा ये हुआ कि बांग्लादेश ने टूर्नामेंट का अंत 5वें स्थान पर रहकर किया जबकि थाईलैंड की टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया.
थाईलैंड के लिए महिलाओं के एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंचना इतिहास रचने जैसा है. इससे पहले उसने पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम हराकर सबको चौंका दिया था. लेकिन, वो अगर भारतीय कोच हर्षल पाठक की अगुवाई में खेल रही इस टीम का दिखाया ट्रेलर था तो अब जो उसने किया है वो पूरी फिल्म है.
एशिया कप के सेमीफाइनल में थाईलैंड
थाईलैंड ने ग्रुप स्टेज पर खेले टूर्नामेंट के 6 मैचों में 3 जीते हैं, जिसमें पाकिस्तान को हराने के अलावा उसने मलेशिया और UAE को हराया. वहीं बांग्लादेश को इसलिए अपने देश में खेले जा रहे एशिया कप के सेमीफाइनल की रेस से बाहर होना पड़ा क्योंकि उसने 6 मैचों में से सिर्फ 2 ही जीते.
भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड
अब सवाल है कि थाईलैंड के अलावा बाकी की टीमें कौन सी हैं जो सेमीफाइनल में पहुंची हैं. तो इसमें भारत, पाकिस्तान औ श्रीलंका का नाम है. भारत सेमीफाइनल में टॉप स्पॉट पर है. वहीं पाकिस्तान दूसरे जबकि श्रीलंका तीसरे पायदान पर है.