सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि जिन बसों के रवाना किया गया है, उनके लिए छह अतिरिक्त बस रूट बनाए गए हैं. ये बसें जिन रूटों पर चलेंगी, उनमें से अधिकांश ग्रामीण इलाकों में हैं.

दिल्ली वासियों को दिवाली से पहले उपहार देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को 50 लो-फ्लोर सीएनजी-संचालित क्लस्टर बसों को हरी झंडी दिखाई और कहा कि वे राजधानी के ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगे। इसके अलावा उन्होंने परिवहन विभाग के प्रवर्तन विंग के लिए 30 इनोवा कारों और 36 मोटरबाइकों को भी हरी झंडी दिखाई। इसके लिए राजघाट डिपो में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बसों को रवाना कर क्या बोले अरविंद केजरीवाल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कई साल ऐसे रहे हैं, जिसमें एक भी बस डीटीसी के बेड़े में नहीं शामिल हुईं. उन्होंने कहा कि इसका परिणाम यह हुआ कि डीटीसी की बेड़े में बसों की संख्या बढ़ने की जगह घटती चली गई. इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी और बसें भर-भर कर चलने लगीं. उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन साल में डीटीसी के बेड़े में बहुत सी बसें शामिल की गई हैं. उन्होंने बताया कि आज जिन बसों के रवाना किया गया है, उनके लिए छह अतिरिक्त बस रूट बनाए गए हैं. उन्होंने कहा कि ये बसें जिन रूटों पर चलेंगी, उनमें से अधिकांश ग्रामीण इलाकों में हैं.
परिवहन मंत्री ने क्या जानकारी दी
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट करते हुए दिल्ली की जनता को बधाई दी. एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि राजघाट डिपो से 50 नई सीएनजी बसों और सड़क सुरक्षा और बस लेन एनफोर्समेंट के लिए 66 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया गया है. दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार की ओर से यह काम किया जा रहा है.
दिल्ली सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 50 नई सीएनजी बसों को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस किया गया है. डीटीसी की इन नई बसों में जीपीएस, पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरा, महिलाओं के लिए पिंक सीट, आपातकाल के दौरान लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग के साथ-साथ दिव्यांगजनों के लिए बेहतर और अग्नि जांच और दमकल प्रणाली से लैस किया गया है. दिल्ली सरकार के मुताबिक दिल्ली में अब कुल 7320 बसें हो गई हैं, जो 2025 के अंत तक 10,380 हो जाएंगी, इसमें 80 फीसदी इलेक्ट्रिक बसें होंगीं.