प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में मुंबई और गांधी नगर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी।

नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार (6 अक्टूबर, 2022) को एक हादसे का शिकार हो गई। मुंबई से आते वक्त अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक वटवा और मणिनगर स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकरा गई। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना सुबह 11:18 मिनट पर हुई। इसमें वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन के आगे का हिस्सा टूट गया। इसके बाद कुछ देर के लिए ट्रेन खड़ी रही है। रेलवे के कर्मियों ने ठीक किया। इसके बाद ट्रेन को 11:27 बजे रवाना किया गया है। बता दें, पीएम मोदी ने हाल ही में मुंबई और गांधी नगर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी।
रेलवे के पीआरओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस हादसे में ट्रेन को थोड़ा नुकसान हुआ है। ट्रेन के संचालन में किसी तरह का कोई असर नहीं पड़ा है। ट्रेन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। उसको सही किया जाएगा। पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) ज़ोन ने 5 अक्टूबर से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रा समय को और कम कर दिया है। ट्रेन गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल में 20 मिनट पहले पहुंचेगी।
पीएम मोदी ने 30 सितंबर को दिखाई थी हरी झंडी
बता दें, 30 सितंबर, 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी नगर से अहमदाबाद के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। इस दौरान पीएम मोदी ने खुद ट्रेन में सफर किया था। पीएम मोदी के साथ इस यात्रा में रेलवे परिवार के कई लोग, कुछ महिला उद्ममी और युवा भी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी के सहयात्री रहे थे।
वंदे भारत की खासियत
वंदे भारत एक्सप्रेस एक सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है और यह अपने पुराने रूप से भी बेहतर है। नई वंदे भारत ट्रेनों में यात्रा को सुरक्षित और अधिक आरामदायक बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। इसमें रिक्लाइनिंग सीट लगाई गई है। इसमें ऑटोमेटिक फायर सेंसर की व्यवस्था की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसमें वाईफाई सुविधा के साथ ऑन-डिमांड कंटेंट की व्यवस्था है। इस अपग्रेडेड ट्रेन में तीन घंटे का बैटरी बैकअप है। पहले यह बैकअप एक घंटे का था।