पुलिस ने कहा कि हारने वाले पक्ष के समर्थकों ने हमला किया और फिर आंसू गैस के गोले छोड़ने पर स्टेडियम में भगदड़ मच गई.

इंडोनेशिया में एक फुटबॉल मैच में भड़की हिंसा के बाद हुई भगदड़ में कम से कम 174 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। यह घटना शनिवार रात पूर्वी जावा में मलंग रीजेंसी के कंजुरुहान स्टेडियम में एक फुटबॉल मैच के दौरान हुई। रॉयटर्स ने पुलिस के हवाले से बताया।
हिंसा उस वक्त भड़क गई जब नाराज समर्थकों ने मैदान पर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इस हिंसा में मरने वालों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। एएफपी न्यूज एजेंसी ने पूर्वी जावा के पुलिस प्रमुख निको अफिंटा के हवाले से बताया कि स्टेडियम के अंदर 34 लोगों की मौत हो गई और बाकी की अस्पताल में मौत हो गई।
आंसू गैस छोड़े जाने के बाद भगदड़
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो फुटेज में समर्थकों को बाड़ पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। वे भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़े जाने के बाद धुएं से बचने की कोशिश कर रहे थे। आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद उससे बचने के लिए समर्थक स्टेडियम में इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को स्टेडियम से बाहर निकाला।
स्टेडियम के बाहर भी भगदड़ की स्थिति बनी रही
आंसू गैस छोड़े जाने के बाद धुंए के कारण कई लोगों की हालत खराब हो गई थी। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, फ़ुटबॉल ग्राउंड के बाद सड़कों पर भगदड़ की स्थिति बनी रही। रिपोर्ट के मुताबिक, इस भगदड़ में 174 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों घायल बताए जा रहे हैं।