गुजरात दौरे के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गत दिनों जिस रिक्शा चालक के घर डिनर किया था उस रिक्शा चालक विक्रम दंतानी ने कहा है कि मैं पीएम नरेन्द्र मोदी का फैन हूं।

गुजरात के अहमदाबाद में एक ऑटो-रिक्शा चालक विक्रम दंतानी, जिन्होंने हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने घर रात के खाने के लिए आमंत्रित किया था, वो अब खुद को मोदी का फैन बताते हुए नजर आ रहे हैं. शुक्रवार को दंतानी को अहमदाबाद में प्रधानमंत्री मोदी की रैली में भगवा शॉल पहने हुए देखा गया. जब मीडिया ने दंतानी से सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि जब से वह एडल्ट हुए हैं, वह विधानसभा चुनावों में भाजपा को ही वोट देते हैं.
पीएम मोदी की सभा में पहुंचा विक्रम
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अहमदाबाद में जिस आटो चालक विक्रम दंतानी के आटो में सवार होकर उसके घर खाने पर गए थे, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थक निकला। भाजपा की टोपी लगाकर पीएम की सभा में पहुंचे विक्रम ने बताया कि आटो यूनियन के कहने पर ही उसने केजरीवाल को यह न्यौता दिया था।
कहा-यूनियन के कहने पर दिया था अरविंद केजरीवाल को न्यौता
आटो चालक विक्रम दंतानी के आटो में सवार होकर ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 12 सितंबर की रात को आप गुजरात संयोजक गोपाल इटालिया व राष्ट्रीय सचिव ईशुदान गढवी के साथ उनके घर खाने पर पहुंचे थे। आप के टाउन हाल कार्यक्रम में दंतानी ने केजरीवाल को अपने घर खाने पर आने का न्यौता दिया था, लेकिन शुक्रवार को विक्रम भाजपा की टोपी पहने अहमदाबाद के थलतेज में आयोजित प्रधानमंत्री मोदी की सभा में नजर आए। दंतानी ने बताया कि आटो चालक यूनियन के कहने पर ही उसने केजरीवाल को खाने पर आने का न्यौता दिया था। वह ना तो आप पार्टी से जुडा था और ना ही उसके बाद उनसे संपर्क में हैं।
अरविंद केजरीवाल के सियासी ड्रामे को अब उछाल रही है भाजपा
दंतानी ने बताया कि यूनियन ने जैसा कहा उसने वैसा किया, केजरीवाल को न्यौता देने की बात तो उनके दिमाग में आ ही नहीं सकती और आ भी कैसे सकती है। दंतानी ने कहा कि वह तो शुरू से मोदी के फैन रहे हैं। भाजपा के साथ रहे हैं। उन्हें नहीं पता था कि केजरीवाल को खाने का न्यौता देने पर इतना बवाल हो सकता है। विक्रम ने बताया कि केजरीवाल खाना खाकर गए और यह कहा कि दिल्ली आओ तो उनके घर खाने पर आना। केजरीवाल के सियासी ड्रामे को भाजपा अब जमकर उछाल रही है। पार्टी का दावा है कि केजरीवाल सस्ती लोकप्रियता के लिए इस तरह की प्लानिंग करते हैं, जबकि लोग उनके नहीं मोदी के प्रशंसक हैं।