बिहार में एक यूजर ने मीशो से एक ड्रोन कैमरा बुक किया था. लेकिन डिलीवरी बॉक्स में ड्रोन कैमरे की जगह आलू निकल गए. इस मामले में मीशो ने यूजर को रिफंड देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. कंपनी का कहना है कि वो इस मामले की जांच करेगी और उचित कदम उठाएगी.

भारत में ई-कॉमर्स का जबरदस्त विस्तार हो रहा है. यूजर्स घर बैठे छोटे से लेकर बड़े प्रॉडक्ट्स ऑर्डर कर सकते हैं. ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भी कुछ ही दिनों में यूजर्स के दरवाजे पर ऑर्डर पहुंचा देते हैं. लेकिन हम अक्सर देखते हैं कि यूजर्स स्मार्टफोन या अन्य गैजेट्स ऑर्डर करते हैं, जबकि डिलीवरी साबुन की होती है. ऐसा ही वाकया मीशो से खरीदारी करने वाले एक यूजर के साथ हुआ. बिहार के एक यूजर ने मीशो से ड्रोन कैमरा मंगवाया लेकिन डिलीवरी आलू की मिली. अमेज़न और फ्लिपकार्ट के बाद यूजर्स ने मीशो की सर्विस पर भी निशाना साधना शुरू कर दिया.
ड्रोन के बदले मिले आलू
बिहार के नालंदा स्थित परवलपुर के बिजनेसमैन चेतन कुमार ने इस घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की है. इस वीडयो को सोशल मीडिया साइट पर शेयर किया गया है. कुमार ने मीशो से एक DJI ड्रोन मंगवाया था. लेकिन रिकॉर्डिंग से पता चलता है डिलीवरी पैकेज आने के बाद उन्हें इस पर संदेह हुआ. रिकॉर्डिंग जारी रखते हुए कुमार ने डिलीवरी बॉय से मौके पर ही बॉक्स खोलने के लिए कहा. बॉक्स खोलने पर उसमें आलू निकले.
‘धोखाधड़ी’ में मीशो शामिल
स्थानीय लोगों से घिरे हुए डिलीवरी एक्जीक्यूटिव से जब पूछा गया, तो उसने स्वीकार किया कि इस ‘धोखाधड़ी’ में मीशो शामिल है. फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं की गई है. हालांकि इस मामले में मीशो ने भी अपना पक्ष रखा है. इंडिया टुडे के मुताबिक मीशो ने बयान जारी करते हुए कहा कि उसने प्रभावित यूजर को रिफंड देने प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके अलावा कंपनी मामले की जांच करके उचित कदम उठाएगी.