आज की ताजा खबर देश

छापेमारी के विरोध में PFI समर्थकों का बवाल,केरल बंद के दौरान कई वाहनों के साथ की तोड़फोड़ व भाजपा कार्यालयों पर फेंके बम

PFI ने आज NIA के छापेमारी के खिलाफ केरल में बंद का आह्वान किया है. इस बंद का समर्थन कर रहे लोगों ने कई जगह तोड़फोड़ की है.

देशभर में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़े लोगों पर NIA और ED ने गुरुवार को छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसियों ने टेरर फंडिंग मामले में पीएफआई के लोगों को बड़ी संख्या में गिरफ्तार भी किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी की कार्रवाई के खिलाफ पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को ‘केरल बंद’ का आह्वान किया है। पीएफआई द्वारा बंद के आह्वान में केरल के विभिन्न हिस्सों में हिंसा की घटनाएं सामने आईं हैं। तिरुवनंतपुरम में बंद का समर्थन कर रहे PFI के लोगों ने एक ऑटो-रिक्शा और एक कार को कथित रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस को जानमाल की सुरक्षा का निर्देश

बंद के खिलाफ मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने केरल पुलिस को निर्देश दिए कि वह बंद का समर्थन नहीं करने वाले नागरिकों और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करे। 

कोट्टायम में बंद का समर्थन कर रहे लोगों ने एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। कार्यकर्ता एनआईए के छापे और पीएफआई के नेताओं की गिरफ्तारी का उग्र विरोध कर रहे हैं। अलुवा के निकट कंपनीपाडी में उग्र लोगों ने केरल राज्य परिवहन निगम की बस में तोड़फोड़ की। पीएफआई के प्रदेश महासचिव ए अब्दुल सत्तार ने एक बयान में बृहस्पतिवार को कहा था कि हड़ताल सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक होगी।

बाइक सवारों ने किया पुलिसकर्मियों पर हमला

केरल बंद के दौरान कोल्लम जिले के पल्लीमुक्कू में बाइक सवार पीएफआई समर्थकों ने दो पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इस बीच कन्नूर के मट्टनूर में आरएसएस के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की खबर मिली है। दो हमलावर पेट्रोल बम फेंककर भाग निकले। हमले में दफ्तर को नुकसान पहुंचा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

एनआईए व अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों ने कल देश भर में पीएफआई के कार्यालयों और उसके प्रमुखों से जुड़े परिसरों पर छापे मारे थे। इस दौरान 100 से ज्यादा नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। केरल बंद को देखते हुए पुलिस ने राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी है। जिला पुलिस प्रमुखों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

बीजेपी ने साधा निशाना

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि पीएफआई की ओर से पहले भी बुलाई गई सभी हड़तालों के दौरान उपद्रव व हिंसा की गई थी। राज्य सरकार को लोगों के जीवन और संपत्ति की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पीएफआई बाहुबल के जरिए आतंकवाद के मामलों से बचने की की कोशिश कर रहा है। व्यर्थ की हड़ताल के खिलाफ केरल हाईकोर्ट के कड़े रूख के बावजूद राज्य में वामपंथी सरकार वोट बैंक की खातिर पीएफआई के प्रति नरम रुख अपना रही है। 

कोयंबटूर में भाजपा दफ्तर पर हमला, फेंका गया पेट्रोल बम

तमिलनाडु के कोयंबटूर में भाजपा कार्यालय पर हमला किया गया है। यहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा भाजपा दफ्तर पर ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। भाजपा कार्यकर्ता इस हमले को एक दिन पहले पीएफआई के खिलाफ हुई छापेमारी से जोड़कर देख रहे हैं। कार्यकर्ता नंदकुमार ने कहा, हमार दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंका गया है। इसी तरह से आंतकी हमले होते हैं। आज ही पीएफआई के खिलाफ छापेमारी की गई थी। 

15 राज्यों में हुई थी छापेमारी


NIA ने गुरुवार को PFI पर 15 राज्यों में 93 स्थानों पर छापा मारा। केरल-39, तमिलनाडु-16, कर्नाटक-12, आंध्र प्रदेश-7, तेलंगाना-1, उत्तर प्रदेश-2, राजस्थान-4, दिल्ली-2, असम-1, मध्य प्रदेश-1, महाराष्ट्र-4, गोवा-1, पश्चिम बंगाल-1, बिहार-1 और मणिपुर में 1 स्थान पर छापा मारा था। सूत्रों के मुताबिक, NIA के करीब 300 अधिकारी तलाशी अभियान में शामिल रहे। NIA डीजी ने ऑपरेशन की निगरानी की। 2010-11 से पहले PFI मामलों में कुल 46 आरोपियों को दोषी ठहराया गया था और PFI के खिलाफ मामलों में 355 आरोपियों पर पहले ही आरोपपत्र दायर किया जा चुका है। केरल में पीएफआई के सबसे अधिक 22 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। इनमें संगठन के अध्यक्ष ओएमए सलाम भी हैं। 

Avatar

Pooja Pandey

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Welcome to fivewsnews.com, your reliable source for breaking news, insightful analysis, and engaging stories from around the globe. we are committed to delivering accurate, unbiased, and timely information to our audience.

Latest Updates

Get Latest Updates and big deals

    Our expertise, as well as our passion for web design, sets us apart from other agencies.

    Fivewsnews @2024. All Rights Reserved.