ईडी ने शराब घोटाले के संबंध में सत्येंद्र जैन से पूछताछ के लिए तीन तारीखें मांगी थीं। इस मामले में सुनवाई करते हुए विशेष सीबीआई कोर्ट ने गुरुवार को यह आदेश दिया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल में बंद हैं।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो दिल्ली की नई शराब नीति 2021 में घोटाले की जांच कर रहा है। शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय की एंट्री हो चुकी है। मनी लांड्रिंग के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) शराब घोटाला मामले में शुक्रवार को तिहाड़ जेल के अंदर जैन से पूछताछ करेगा।
बृहस्पतिवार को ईडी ने सीबीआइ की विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल के समक्ष सत्येंद्र जैन से पूछताछ के लिए तीन तारीखें देने की मांग की। अदालत ने शुक्रवार को जेल के अंदर जैन से पूछताछ करने की अनुमति दे दी है।
सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई को अन्य अदालत में ईडी दाखिल करेगी आवेदन
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर किसी अन्य अदालत में सुनवाई के लिए ईडी आवेदन दाखिल करेगी। बृहस्पतिवार को सीबीआइ की विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल के समक्ष ईडी की ओर से पेश एडिशनल सालिसिटर जनरल एसवी राजू ने कहा कि उन्हें जमानत की कार्यवाही को स्थानांतरित करने का निर्देश मिला है। ऐसे में सुनवाई को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया जाए।
विशेष न्यायाधीश ने पूछा कि क्या लंबी बहस के बाद स्थानांतरण की मांग करने का कोई विशेष आधार था। इस पर राजू ने कहा कि इस संबंध में आवेदन दाखिल किया जाएगा। इस पर कोर्ट ने सुनवाई 20 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
पिछली सुनवाई पर जैन की ओर से पेश अधिवक्ता एन. हरिहरन ने कहा था कि उनके मुवक्किल की भूमिका धनशोधन निवारण अधिनियम की धारा-45 के दायरे में नहीं आती है। सीबीआइ ने शुरू में जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार व आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था।