कांग्रेस की करीब 150 दिनों की इस पदयात्रा में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज कन्याकुमारी से पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेंगे. वे इससे पहले तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर गए. राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी. करीब 150 दिनों की इस पदयात्रा में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर में खत्म होगी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कंटेनर केबिन में सोएंगे.
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी कन्याकुमारी में महात्मा गांधी मंडपम में एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. वहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शुभारंभ से पहले उन्हें खादी का राष्ट्रीय ध्वज सौंपेंगे.इस यात्रा के दौरान हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता हर दिन लगभग छह-सात घंटे चलेंगे. सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल चलेंगे.
कांग्रेस पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले देश भर में केंद्र सरकार के खिलाफ जनसमर्थन तैयार करने के लिए यह यात्रा निकाल रही है. इस यात्रा के दौरान कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था में गिरावट का मुद्दा उठा सकती है.
रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस पार्टी की तरफ से दी गई सूचना के मुताबिक यात्रा से पहले राहुल गांधी ने श्रीपेरंबदुर में अपने पिता को श्रद्धांजलि दी. यहां बम धमाके में उनकी राजनीतिक हत्या कर दी गई. राजीव गांधी तब लोकसभा चुनाव प्रचार के संबंध में श्रीपेरंबदुर पहुंचे थे. राजीव गांधी मेमोरियल में प्रार्थना के बाद राहुल गांधी कन्याकुमारी जाएंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन उन्हें तिरंगा भेट करेंगे. राहुल गांधी इसके बाद भारत जोड़े यात्रा की आधिकारिक शुरुआत करते हुए एक रैली को भी संबोधित करेंगे.
किसी होटल में नहीं ठहरेंगे कांग्रेस नेता
पार्टी ने बताया कि राहुल गांधी यात्रा के दौरान किसी होटल में नहीं ठहरेंगे और बल्कि पूरी यात्रा साधारण तरीके से पूरी करेंगे. वो अगले 150 दिनों तक कंटेनर में रहेंगे. कुछ कंटेनरों में स्लीपिंग बेड, शौचालय और एसी भी लगे हैं. यात्रा के दौरान कई क्षेत्रों में तापमान और वातावरण में अंतर होगा. ऐसे में स्थान परिवर्तन के साथ भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए ये व्यवस्था की गई.
2024 की तैयारी में जुटी कांग्रेस
पार्टी सूत्रों ने बताया कि ऐसे करीब 60 कंटेनर बनकर तैयार हैं और इन्हें कन्याकुमारी भेजा गया है. बताया गया कि इन कंटनरों को हर रोज अलग-अलग स्थानों पर एक गांव के आकार में रखा जाएगा. इनमें राहुल गांधी के साथ रहने वाले फुलटाइम यात्री एक साथ भोजन करेंगे और करीब रहेंगे.
बताया गया कि राहुल गांधी साधारण तरीके से पूरी यात्रा संपन्न करना चाहते हैं. उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने बेशक इसे भारत जोड़े यात्रा नाम दिया हो मगर राजनीतिक विश्लेषक इसे 2024 के लोकसभा की तैयारी मान रहे हैं.