अधिकतर यात्री पंचमहल जिले के काकोल के रहने वाले थे और अंबाजी मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जा रहे थे।

गुजरात के अरवल्ली जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शामलाजी मंदिर के पास अंबाजी में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां एक कार ने एक दर्जन श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी. इस घटना में जहां 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों को मालपुर के सीएचसी सेंटर में एडमिट कराया गया है.बताया जा रहा है कि रोड पर चल रही इनोवा कार अचानक से अनियंत्रित हो गई और किनारे चल रहे श्रद्धालुओं पर चढ़ पड़ी.
पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह छह बजे अरवल्ली को बनासकांठा से जोड़ने वाली सड़क पर हुआ, जहां प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर स्थित है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह पटेल ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के आश्रितों को चार – चार लाख रूपये के के मुआवजे की घोषणा की गई है। वहीं घायलों को 50-50 हजार रूपये का मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अरवल्ली जिले के डीएम को घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करना का निर्देश दिया है।
दरअसल आगामी 5 सितंबर से अंबाजी में छह दिवसीय भादरवी पूनम मेले का आयोजन होने जा रहा है। यह मेला 10
सितंबर तक चलेगा। इसी के चलते भक्त भारी संख्या में अंबाजी पहुंच रहे हैं। मेले के लिए बनासकांठा जिला प्रशासन और आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट बीते कई दिनों से तैयारियों में जुटी हुई है। बता दें कि अंबाजी में पवित्र माने जाने वाले श्री वीसा यंत्र की पूजा की जाती है, यहां कोई मूर्ति नहीं है। कहा जाता है कि इस यंत्र को कोई भी नग्न आंखों से नहीं देख सकता है।