मध्यप्रदेश के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 7 मैचों में 9.41 की इकॉनमी और 29.6 की औसत से 8 विकेट लिए.

इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले कुलदीप सेन एशिया कप 2022 टीम में दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज दीपक चाहर की जगह लेंगे. दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार 25 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले भारत के पहले ग्रुप मैच के लिए भारतीय स्क्वाड में चाहर की जगह लेंगे.
गौरतलब है कि टीम इंडिया पहले ही अपने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना खेल रही है, वहीं हर्षल पटेल भी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं.
एशिया कप 2022 टूर्नामेंट 27 अगस्त से 11 सितंबर तक खेला जाने वाला है. पूरा टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित किया जाएगा, एशिया कप के पहले मैच में मेजबान श्रीलंका टीम अफगानिस्तान से भिड़ेगी.
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम टूर्नामेंट के पहले मैच में रविवार, 28 अगस्त को दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में बाबर आजम के नेतृत्व वाली पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के साथ भिड़ने के लिए तैयार है.
रिपोर्ट के मुताबिक कुलदीप के कोच एरिल एंथनी ने कहा है कि चाहर चोटिल होने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे और कुलदीप को टीम में शामिल किया गया है.
कुलदीप के भाई जगदीप सेन ने बताया कि कुलदीप को 22 अगस्त को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा का फोन आया और उन्हें टीम में उनके चयन की जानकारी दी गई.
कुलदीप, जिन्होंने 2018-19 रणजी ट्रॉफी में नवंबर 2018 में मध्य प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया था, को राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मेगा नीलामी में 20 लाख रुपए में खरीदा था. उन्होंने टूर्नामेंट में 145 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से लगातार गेंदबाजी करने की अपनी क्षमता से सभी को प्रभावित किया.