ल्ली में आबकारी नीति को लेकर सीबीआई के एक्शन के बाद राजनीति गर्मा गई है. बीजेपी और आप दोनों एकदूसरे पर हमलावर है.

नई आबकारी नीति लागू करने के दौरान भ्रष्टाचार के कथित मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की रेड को लेकर बीजेपी आम आदमी पार्टी पर हमलावर है. बीजेपी ने एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला किया है. बीजेपी ने कहा है कि आप को अब लोग ‘पाप’ मानने लगे हैं. केजरीवाल और सिसोदिया ने मिलकर जनता का पैरा लूटा है. बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि देश की जनता कह रही है कि अगर कोई सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी कोई है तो वो मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी है.
गौरव भाटिया ने कहा, ”बीजेपी ने केजरीवाल सरकार से सवाल पूछे कि अगर आम आदमी पार्टी की आबकारी नीति सही थी तो वापस क्यों ली गई? जवाब आया कि विदेशी समाचार न्यूयॉर्क टाइम्स पत्रिका कहती है कि आम आदमी पार्टी का शिक्षा मॉडल बड़ा अच्छा है.” उन्होंने कहा, ”कोविड की दूसरी लहर आई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पूरे देश के साथ खड़ी हो गई, दवाई सुनिश्चित की गई, अस्पतालों की व्यवस्था सुधारी गई. केजरीवाल जी को उस समय दवाई, बेड और ऑक्सीजन व्यवस्था पर ध्यान देना था, लेकिन वो भ्रष्टाचारी कलम आबकारी नीति पर दस्तखत में लगी थी.”
24 घंटे में जवाब दें केजरीवाल
बीजेपी की इस पीसी में अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा गया कि केजरीवाल सरकार ने किसके कहने पर 144 करोड़ रुपये माफ कर दिए. बीजेपी ने फिर एक बार सवाल करते हुए कहा कि जिस वक्त लोग कोरोना काल में मर रहे थे उस वक्त आप सरकार शराब माफियाओं के पैसे माफ कर रही थी. आम आदमी पार्टी वाले जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं.
गौरव भाटिया ने आगे कहा, ”आज भारत की जनता कह रही है- ‘आप’ नहीं ‘पाप’ है, भ्रष्टाचारियों का बाप है और जनता के लिए अभिशाप है. अरविंद केजरीवाल जी, आपको जनता को जवाब देना चाहिए. आपने प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार किया, बड़ा घोटाला किया ये आपत्तिजनक है, चिंताजनक है. कोविड महामारी के समय दिल्ली को शराब ना मिलती तो चल जाता, लेकिन केजरीवाल सरकार का साथ मिल जाता ये जरूरी था. बीजेपी ने कहा, ”आज अरविंद केजरीवाल मॉडल का मतलब है… आईएसआई मार्क की गारंटी से ज्यादा बड़ी गारंटी अरविंद केजरीवाल की करप्शन गारंटी, ‘आप’ की दो प्रदेशों में सरकार, दो स्वास्थ्य मंत्री, दोनों भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं. अरविंद केजरीवाल की सरकार में 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार.”