आज की ताजा खबर केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली

दिल्ली में रोहिंग्या मुसलमानों को फ्लैट देने के मामले पर मचा बवाल, बीजेपी-आप आए आमने-सामने,मनीष सिसोदिया ने केंद्र पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को ट्वीट किया कि रोहिंग्या शरणार्थियों को बाहरी दिल्ली के बक्करवाला में अपार्टमेंट में स्थानांतरित कर दिया जाएगा और उन्हें बुनियादी सुविधाएं और पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी. इस मामले में अब AAP और भाजपा आमने-सामने हैं.

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रोहिंग्या शरणार्थियों को घर और सुरक्षा देने की घोषणा की थी. हालांकि बाद में केंद्र सरकार  ने इस घोषणा का खंडन किया था. वहीं अब इस मामले में केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच जंग शुरू हो गई है. दरअसल दिल्ली सरकार ने केंद्र पर राष्ट्रीय राजधानी में रोहिंग्या शरणार्थियों को “स्थायी निवास” देने की “गुप्त रूप से” कोशिश करने का आरोप लगाया है. इस मुद्दे पर केंद्र पर निशाना साधते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पुरी के ट्वीट का हवाला देते हुए लिखा, “केंद्र, जो सुबह इस खबर को अपनी उपलब्धि के रूप में सूचीबद्ध करते नहीं थक रही थी, अब आप के विरोध के बाद दिल्ली सरकार पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रही है. जबकि यह सच है कि केंद्र सरकार गुपचुप तरीके से रोहिंग्याओं को दिल्ली में स्थायी निवास देने की कोशिश कर रही थी.

वहीं इस मामले में आप को घेरते हुए गृह मंत्रालय ने कहा कि सभी अवैध विदेशियों को डिटेंशन सेंटर में रखा जाना चाहिए, लेकिन इस मामले में दिल्ली सरकार इसे डिटेंशन सेंटर घोषित करने में विफल रही है. गृह मंत्रालय ने ट्विटर पर एक बयान में कहा, ‘‘अवैध विदेशियों को उनके देश वापस भेजे जाने तक कानून के अनुसार निरुद्ध केंद्र में रखा जाना है. दिल्ली सरकार ने वर्तमान स्थान को निरुद्ध केंद्र घोषित नहीं किया है. उसे तुरंत ऐसा करने का निर्देश दिया गया है.

गृह मंत्रालय ने कही ये बात

इस मामले में गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार ने हमें प्रपोजल दिया था कि रोहिंग्या को नई लोकेशन पर शिफ्ट किया जाए. लेकिन, हमने उन्हें निर्देश दिया कि अवैध रोहिंग्या को अभी वहीं रखा जाए, जहां वे हैं. उनके डिपोर्टेशन (निर्वासन) की बातचीत चल रही है. तब तक उन्हें डिटेंशन सेंटर में ही रखा जाएगा. दिल्ली सरकार ने उन जगहों को डिटेंशन सेंटर घोषित नहीं किया, जहां अवैध रोहिंग्या को रखा गया है. हमने उन्हें तुरंत ऐसा करने का निर्देश दिया है.

एक ट्वीट के चलते बैकफुट पर भाजपा

बता दें कि भाजपा रोहिंग्या मुसलमानों के बहाने आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल और अमानतुल्लाह खान पर निशाना साधती रही है, लेकिन केंद्र सरकार के द्वारा रोहिंग्या मुसलमानों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट की सुविधा देने की घोषणा के बाद वह बैकफुट पर है. भारतीय जनता पार्टी और उसके समान विचारधारा वाले संगठन रोहिंग्या मुसलमानों को दिल्ली और देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते रहे हैं.

भाजपा पर उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी इसे एक बड़ा मुद्दा बनाती रही है. वह इसके लिए आम आदमी पार्टी के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान पर निशाना भी साधती रही है और उन्हें ‘देशद्रोहियों’ को पालने वाला बताती रही है. भाजपा ने यह आरोप तब लगाया था जब अमानतुल्लाह खान का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे ओखला के पास टेंट में रह रहे रोहिंग्या मुसलमान परिवारों को भोजन, बिजली-पानी और नकद आर्थिक सहायता करने की बात कहते हुए देखे गए थे. लेकिन केंद्र के इस निर्णय के बाद भाजपाई खेमे में चुप्पी छाई हुई है.

बचाव में उतरे भाजपा नेता ने केजरीवाल पर साधा निशाना

भाजपा को घिरता देख पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह स्पष्ट है कि गृह मंत्रालय ने अवैध प्रवासियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट उपलब्ध कराने का कोई निर्देश नहीं दिया है. दिल्ली के सीएम केजरीवाल को दिल्ली वालों की नहीं रोहिंग्याओं की चिंता है. 29 जुलाई को दिल्ली सीएम की अध्यक्षता में, यह निर्णय लिया गया कि अवैध प्रवासियों को इस आवास में स्थानांतरित किया जाए. यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘केजरीवाल का हाथ घुसपैठियों के साथ’. केंद्र की नीति स्पष्ट है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और देश के संसाधन अपने नागरिकों के लिए हैं न कि अवैध प्रवासियों के लिए.

अब AAP ने किया पलटवार

इसके बाद आप की ओर से मनीष सिसोदिया भी मैदान में उतरे और उन्होंने ट्वीट किया कि केंद्र सरकार सुबह-सुबह जिस खबर को अपनी उपलब्धि बताते नहीं थक रही थी, आम आदमी पार्टी द्वारा विरोध किए जाने पर, अब इसकी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार पर डालने लगी है. जबकि हकीकत है कि केंद्र सरकार चोरी छुपे रोहिंग्याओं को दिल्ली में स्थाई ठिकाना देने की कोशिश कर रही थी. केंद्र सरकार के इशारे पर LG के कहने पर ही अफसरों और पुलिस ने निर्णय लिए जिन्हें, बिना मुख्यमंत्री या गृहमंत्री, दिल्ली को दिखाए LG की मंजूरी के लिए भेजा जा रहा था. दिल्ली सरकार अवैध रूप से रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसाने की इस साजिश को कामयाब नहीं होने देगी. 

Avatar

Pooja Pandey

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Welcome to fivewsnews.com, your reliable source for breaking news, insightful analysis, and engaging stories from around the globe. we are committed to delivering accurate, unbiased, and timely information to our audience.

Latest Updates

Get Latest Updates and big deals

    Our expertise, as well as our passion for web design, sets us apart from other agencies.

    Fivewsnews @2024. All Rights Reserved.