पाकिस्तान के पंजाब में एक बस और ऑयल टैंकर के बीच भयंकर भिड़त हुई है. इसमें कम से कम 20 लोग जिंदा जल गए और उनकी मौत हो गई. 6 घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं.

पाकिस्तान में बहावलपुर के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हैं. दरअसल यह दुर्घटना लाहौर से करीब 350 किमी दूर बहावलपुर के पास मुल्तान-सुक्कुर मोटरवे (M-5 मोटरवे) पर हुई. हादसे की शिकार स्लीपर बस लाहौर से कराची की ओर जा रही थी. पुलिस के अनुसार ओवरस्पीड के कारण यह हादसा हुआ.
मोटर मार्ग के अधिकारियों के अनुसार बस की स्पीड ज्यादा थी. ज्यादा स्पीड के कारण ड्राइवर का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और यह मुल्तान सुक्कुर मोटर मार्ग पर तेल के एक टैंकर से टकरा गई. इस हादसे की वजह से मोटरमार्ग (M-5) पर कई घंटों तक ट्रैफिक को रोक दिया गया.
पाकिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं बहुत अधिक हो गई हैं.
इससे पहले पंजाब प्रांत में ही शनिवार को एक लोडेड ट्रक और यात्री बस की टक्कर हो गई थी, जिसमें भी कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई. बस में कुल 18 लोग सवार थे. स्थानीय लोगों के साथ बचावकर्मियों ने लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां 13 लोगों को मृत घोषित किया गया. बाकी 5 की हालत गंभीर बताई गई. बताया गया कि जहां दुर्घटना हुई वहां बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया था. घटनास्थल से ट्रक का ड्राइवर भागने में सफल रहा. पाकिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं बहुत अधिक हो गई हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां सड़कों का हाल क्या हो सकता है. इसके साथ ही ये भी समझा जा सकता है कि वहां यातायात के नियमों को लेकर ज्यादा सख्ती नहीं है.
आग बुझाने में घंटों लगे
प्रवक्ता ने बताया कि अग्निशमन दल को आग को बुझाने में घंटों लग गए. आईजी खालिद महमूद के निर्देशों पर मोटरवे पुलिस ने एक इमरजेंसी क्राइसिस सेंटर बनाया. इस पूरे बचाव अभियान के दौरान डीआईजी शाहिद जवाद भी मौके पर मौजूद रहे. बता दें कि बस सोमवार रात 9 बजे लाहौर से कराची के लिए निकली थी.
बस कंपनी के सूत्रों के अनुसार बस में दो ड्राइवर मौजूद थे. बस में मौजूद सभी स्टाफ को सुक्कुर में बदला जाना था. बस में कुल 24 यात्री भी सवार थे. 2 सवारी हैदराबाद जा रही थीं, जबकि बाकी सभी 22 लोग कराची जाने वाले थे.
दोनों वाहनों में लग गई भीषण आग
स्लीपर बस जैसे ही तेल के टैंकर से टकराई, वैसे ही दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसे की सूचना मिलते ही मोटरवे पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू 1122 की टीमें भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गईं. प्रवक्ता के अनुसार इस हादसे के दौरान लगी आग इतनी भयंकर थी कि उसे दूर से भी देखा जा सकता था. ज्यादातर सवारियों को जलते वाहनों में से जिंदा निकाल लिया गया और नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया. जलती बस में से 9 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.