मनीष सिसोदिया ने कहा कि ये एक बहुत बड़ा घोटाला है. इसकी तुरंत सीबीआई जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हैं, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को उपराज्याल वी के सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली नगर निगम में हुए 6,000 करोड़ रुपये के कथित टोल टैक्स घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को एमसीडी पर आरोप लगाया था कि उसने टोल टैक्स कंपनियों के साथ मिलीभगत करके सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया।
सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली नगर निगम में 6,000 करोड़ रुपये के टोल टैक्स घोटाले की जांच सीबीआई से कराए जाने के लिए एलजी साहब को पत्र लिखा है। रोजाना दिल्ली में आने वाले करीब 10 लाख कर्मशियल वाहनों से लिया गया पैसा मिलीभगत से खा लिया गया।” आप के एमसीडी मामलों के प्रभारी और विधायक दुर्गेश पाठक ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि टोल टैक्स संग्रह में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है। उन्होंने इसके लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि हर दिन 10 लाख कमर्शियल वाहन दिल्ली में रोज़ आते हैं और उनसे पैसे तो लिए जाते हैं, लेकिन दिल्ली MCD को यह राशि नहीं मिलती है
मनीष सिसोदिया ने कहा कि ये एक बहुत बड़ा घोटाला है. इसकी तुरंत सीबीआई जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हैं, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही जनता का जो पैसा, दिल्ली में आने वाले सभी कमर्शियल वाहनों से तो वसूल लिया गया, लेकिन नगर निगम के खाते में कभी नहीं आया, उसकी वसूली भी तुरंत की जानी चाहिए. मुझे पूरी उम्मीद है कि आप तुरंत इस मामले को सीबीआई को सौंपने का निर्देश देंगे और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश देंगे.