राष्ट्रपति मुर्मू ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतने वालीं सुशीला देवी को बधाई देते हुए कहा कि आपने लाखों लड़कियों को प्रेरित किया है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतने वालीं सुशीला देवी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि सुशीला देवी के शानदार प्रदर्शन ने लाखों लड़कियों को प्रेरित किया है. महिलाओं की 48 किलोग्राम फाइनल स्पर्धा में दक्षिण अफ्रीका की माइकला व्हाइटबूई से हारने के बाद सुशीला देवी ने रजत पदक अपने नाम किया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में रजत पदक जीतने पर सुशीला देवी को बधाई. आपके प्रभावशाली प्रदर्शन ने आपको अनगिनत प्रशंसक दिए हैं और लाखों लड़कियों को प्रेरित किया है. भारत को आप पर गर्व है.’
बता दें कि भारतीय जूडो खिलाड़ी एल सुशीला देवी और विजय कुमार यादव ने राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमश: महिलाओं के 48 किलो और पुरूषों के 60 किलो वर्ग में यहां रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया. सुशीला को फाइनल में बेहद करीबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की मिशेला वाइटबूइ ने 4.25 मिनट में हराया. चार मिनट के नियमित समय में दोनों जूडो खिलाड़ियों कोई अंक नहीं बना पाए थे. वाइटबूट ने इसके बाद गोल्डन अंक जुटा कर मुकाबला जीत लिया. वहीं यादव ने साइप्रस के पेट्रोस क्राइस्टोडोलिडेस को इप्पोन से अंक जुटाकर मात दी.
सुशीला ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 में भी रजत पदक जीता था. उन्होंने जीत के बाद कहा, ‘‘यहां आने से पहले मुझे दाहिने अंगूठे में चोट लगी थी और तीन चार टांके आये थे, लेकिन मैं मानसिक रूप से मजबूत थी और मैने फाइनल में पहुंचने के लिये पूरा जोर लगाया . चोट नहीं होती तो स्वर्ण जीत जाती.’’ सुशीला ने इससे पहले सेमीफाइनल में मॉरीशस की प्रिसिला मोरांड को इप्पोन को शिकस्त देकर अपना पदक पक्का किया था. उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मालावी की हैरियट बोनफेस को हराया था.