पॉप सिंगर शकीरा पर टैक्स चोरी करने का आरोप लगा है. जिसकी वजह से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं.

‘वाका वाका ‘गर्ल और पॉप सिंगर शकीरा बड़ी मुश्किल में फंस सकती हैं। स्पेन में 1.45 करोड़ यूरो यानी करीब 117 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी के मामले में वहां के अभियोजकों ने मांग की है कि दोषी पाए जाने पर कोलंबियाई पॉप स्टॉर शकीरा को आठ साल दो महीने की सजा दी जाए। अभियोजकों ने शकीरा पर 2.4 करोड़ यूरो का जुर्माना लगाने की भी मांग की है। गौरतलब है कि शकीरा का नाम पनामा पेपर्स लीक में भी आया था। पानामा पेपर्स ने दुनिया भर के उन लोगों खुलासा किया था, जिन्होंने लॉ कंपनी ‘मोसाक फोन्सेका’ की मदद से टैक्स हैवन कहे जाने वाले देशों में अपनी संपत्तियां बनाई थीं।
शकीरा पर कथित टैक्स चोरी का मामला पहली बार 2018 में सुर्खियों में आया था। शकीरा पर 2012 और 2014 के बीच की कमाई पर टैक्स को लेकर स्पैनिश टैक्स ऑफिस को धोखा देने का आरोप लगा है। शकीरा को स्पैनिश अभियोजक ने सेटलमेंट की पेशकश की थी, लेकिन आरोपों को निपटाने के लिए शकीरा ने इसे स्वीकार करने के बजाय जांच करने का विकल्प चुना। एक बयान के अनुसार, शकीरा खुद को बेगुनाह मानती हैं और उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है।
हालांकि, अभी मुकदमे की कोई तारीख निर्धारित नहीं की गई है। अभियोग में शकीरा के खिलाफ छह आरोपों का जिक्र है। शकीरा ने हाल ही में एफसी बार्सिलोना के फुटबॉल खिलाड़ी जेरार्ड पिके के साथ अपने 11 साल लंबे रिश्ते को खत्म कर दिया, जिनसे उनके दो बच्चे हैं।
बता दें कि शकीरा पर लगाए गए आरोप में अभियोजकों का कहना है कि सिंगर एफसी बार्सिलोना के प्लेयर जेरार्ड पिक के साथ रिलेशनशिप पब्लिक होने के बाद साल 2011 में स्पेन चली गई थीं, लेकिन साल 2015 तक बहामास में टैक्स रेजीडेंसी बनाए रखा था। इसके बचाव में शकीरा के वकीलों का कहना है कि स्पेन जाने के बाद उन्होंने सभी टैक्सों का भुगतान किया है और उन पर कोई टैक्स बकाया नहीं है।