अब्दुल्ला आजम और अरविंद राजभर के बीच जुबानी तीर केवल एक शब्द को लेकर चले, जिसमें सूबे में विपक्षी गठबंधन के धागे खुलते नजर आ रहे हैं। बात यहां आकर अटक गई कि आजम ने जो सियासी तंज कसा है, वह अखिलेश यादव पर कसा है या फिर राजभर पर।

उत्तर प्रदेश की राजनीति के दो बड़े चेहरे- आजम खान और ओमप्रकाश राजभर के बेटों के बीच ट्वीटर पर जुबानी जंग देखने को मिली। अब्दुल्ला आजम और अरविंद राजभर के बीच जुबानी तीर केवल एक शब्द को लेकर चले, जिसमें सूबे में विपक्षी गठबंधन के धागे खुलते नजर आ रहे हैं। बात यहां आकर अटक गई कि आजम ने जो सियासी तंज कसा है, वह अखिलेश यादव पर कसा है या फिर राजभर पर।
दरअसल, राजभर ने उपचुनाव में हार के बाद अखिलेश को एसी कमरों से निकलने की सलाह दी। दिग्गज सपा नेता आजम खान से जब इस बारे में प्रतिक्रिया ली गई, तब उन्होंने कहा, ‘हमने उन्हें कभी धूप में खड़ा नहीं देखा। कभी धूप में वे खड़े दिखेंगे तो मैं कुछ बोलूंगा।’ अब आजम ने ‘उन्हें’ कहकर किसे संबोधित किया, अखिलेश या फिर राजभर को? इस पर संशय बना रहा। लेकिन मीडिया ने इसे अखिलेश के खिलाफ और राजभर के पक्ष में लिया।
हालांकि मामले को बढ़ता देख अब्दुल्ला आजम ने सवाल को कोट करते हुए लिखा- ‘ओ पी राजभर कहते है कि अखिलेश यादव AC कमरे से नहीं निकलते? इसके जवाब में आजम ने कहा- हमने उन्हें (ओ पी राजभर) कभी धूप में खड़ा नहीं देखा। झूठ ना बोलें, सच बोलें तो बेहतर होगा।’
वहीं सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर ने अब्दुल्ला के ट्वीट का स्क्रीनशॉट अटैच करते हुए लिखा- जुबान से निकले हुए शब्द वापस नहीं लिए जा सकते हैं। अब सफाई देकर और संदेह उत्पन्न ना किया जाए।