राहुल गांधी आज (मंगलवार) सुबह कतर एयरलाइन्स की फ्लाइट से विदेश गए हैं। हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि वह किस देश गए हैं और ये यात्रा निजी है या आधिकारिक है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मानसून सत्र से पहले विदेश चले गए हैं। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने ये जानकारी दी है। उनकी विदेश से वापसी 17 जुलाई (रविवार) को होगी। बता दें कि संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू होगा और ये 6 अगस्त को खत्म होगा। संसद के इसी सत्र में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का चुनाव होगा। गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई और उपराष्ट्रपति चुनाव 6 अगस्त को होने वाला हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी आज (मंगलवार) सुबह कतर एयरलाइन्स की फ्लाइट से विदेश गए हैं। हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि वह किस देश गए हैं और ये यात्रा निजी है या आधिकारिक है। बता दें कि देश में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर जनता की नजर सभी राजनीतिक घटनाक्रमों पर लगी हुई है। एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाई गई हैं, वहीं विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा मैदान में हैं। उपराष्ट्रपति पद के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से अभी उम्मीदवारों का ऐलान नहीं हुआ है। चुनाव के नतीजे 21 जुलाई को घोषित होंगे।
राहुल गांधी का यह विदेश दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कांग्रेस की गोवा इकाई पर संकट मंडरा रहा है। राहुल की विदेश यात्रा पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच कांग्रेस पार्टी खुद के अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी गुरुवार को एक बैठक करने वाली है। राहुल गांधी इस बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।