हरियाणा की 94 साल की भगवानी देवी डागरी ने फिनलैंड में आयोजित मास्टर्स चैंपियनशिप में Gold Medal जीतकर इतिहास रच दिया है. वे फिनलैंड से भारत पहुंच गई हैं. दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही दादी ने नाच-नाचकर मनाया जीत का जश्न.

यह दादी दुनियाभर में छा गई हैं। इनका नाम है- भगवानी देसवाल उर्फ भगवानी देवी! उम्र 94 साल। मगर, जोश युवाओं जैसा। ऐसे भागती हैं कि बच्चे खुशी-खुशी साथ दौड़ने लगते हैं। अब इन्होंने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2022 में बतौर एथलीट 100 मीटर की रेस 24.74 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले कांस्य पदक भी जीत चुकी थीं। प्रतिस्पर्धा फिनलैंड के टाम्परे में हुई।
कौन हैं भगवानी देसवाल उर्फ भगवानी देवी?
दुनियाभर के लोग अब इस दादी के बारे में जानना चाहते हैं। इन्हें इंडिया की “नॉनजेनेरियन ग्रैंड मदर” कहा जा रहा है। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने इनकी तारीफ करते हुए एक पोस्ट लिखा है। इंस्टाग्राम पर कंगना ने भगवानी को बधाई देते हुए लिखा, “हमारे देश की 94 साल की भगवानी देवी ने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में फिनलैंड के टाम्परे में 24.74 सेकेंड के समय के साथ 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीता। बहुत-बहुत बधाइयां मां जी।”
चेन्नई से यूं भरी हौसले की उड़ान कंगना रनौत के अलावा देश के कई अन्य हस्तियों ने भी दादी की तस्वीरें शेयर कर बधाइयां दी हैं। भगवानी देवी ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि शॉट पुट खेल में भी कांस्य पदक हासिल किया। न्यूज एजेंसी ने अभी बताया कि, भगवानी देसवाल यूं तो गैर-एथलीट रनर थीं, जिन्होंने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 3 स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही भगवानी देवी ने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए क्वालीफाई कर लिया।