स्नैक्स में कुछ टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना है तो आप भी मिनटों में बना सकती हैं लौकी के टेस्टी कटलेट। जानें इसकी आसान रेसिपी।

गर्मी के मौसम में लौकी बाजार में बहुतायत में मिलती है और इसका स्वाद भी लाजवाब होता है। लेकिन आपमें से कई लोग होंगे जिन्हें लौकी का स्वाद पसंद नहीं आता है। लौकी का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। कभी इसकी सब्जी, तो कभी इसके कोफ्ते, यही नहीं लौकी का जूस भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है और इसलिए गर्मी के मौसम में लौकी को अपनी नियमित डाइट का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए।
हम आपको बताने जा रहे हैं लौकी से बनने वाले कटलेट्स की आसान रेसिपी, जिनका स्वाद आपको इतना अच्छा लगेगा कि आप हमेशा स्नैक्स में ये कटलेट्स ही बनाएंगी। ये कटलेट्स बड़ों के साथ बच्चों को भी पसंद आएंगे।
लौकी कटलेट बनाने के लिए सामग्री
लौकी – 1
बेसन – 1/2 कप
रवा – 3 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून
जीरा पाउडर – 1 टी स्पून
अमचूर – 3/4 टी स्पून
गरम मसाला – 1/2 टी स्पून
चाट मसाला – 1 टी स्पून
हरी मिर्च कटी – 2
हरा धनिया कटा – 3 टेबलस्पून
अदरक कद्दूकस – 1/2 टी स्पून
तेल – तलने के लिए
नमक – स्वादानुसार
लौकी कटलेट बनाने की विधि
लौकी कटलेट बनाने के लिए सबसे पहले लौकी लेकर उसका छिलका उतार लें. इसके बाद लौकी कद्दूकस कर लें. अब एक बर्तन में कद्दूकस लौकी डालकर उसमें थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें. कुछ देर बार जब लौकी पानी छोड दे तो उसे निचोड़ लें और एक मिक्सिंग बाउल में रख लें. अब इसमें रवा, बेसन डालकर अच्छी तरह से मिलाएं. इसके बाद इस मिश्रण में लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, चाट मसाला, गरम मसाला डालकर मिक्स कर मैश कर लें.
अब इस मिश्रण में बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और अमचूर डालकर मिलाएं. अब तैयार स्टफिंग को हथेलियों पर लेकर गोले तैयार करें और उन्हें दबाकर कटलेट का आकार दें. सारी स्टफिंग से कटलेट तैयार करने के बाद एक कड़ाही में तेल डालकर उसे गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें कटलेट डालकर डीप फ्राई करें. मीडियम आंच पर कटलेट को पलट-पलटकर तब तक फ्राई करें जब तक कि दोनों ओर से कटलेट सुनहरे ना हो जाएं. इसके बाद उन्हें प्लेट में निकाल लें. अब स्वादि्ष्ट लौकी कटलेट को टमाटर केचअप या ग्रीन चटनी के साथ सर्व करें.