केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि भारत में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 16,103 नए मरीज सामने आए. इस दौरान 31 लोगों की मौत दर्ज की गई. देश में कोरोना की डेली पॉजिटिविटी रेट 4.27 फीसदी है. एक्टिव केस बढ़कर 1,11,711 हो गए हैं

भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं. देश में रविवार को समाप्त 24 घंटों में कोरोना के 16,103 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 31 लोगों की मौत हो गई है. शनिवार को कोविड के 17,092 मामले सामने आए थे. फिलहाल कोरोना संक्रमण का सबसे ज्यादा असर केरल , महाराष्ट्र और तमिलनाडु में देखा जा रहा है. देश भर में आए कुल नए मामलों में से आधे से अधिक इन तीनों राज्यों में आए हैं. इन तीनों राज्यों में कुल 9,103 नए केस सामने आए हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोविड-19 से अब तक कुल 4,35,02,429 लोग संक्रमित हुए हैं और 4,28,65,519 व्यक्ति संक्रमण के बाद स्वस्थ हुए हैं. बीते 24 घंटों में 13,929 व्यक्ति संक्रमण मुक्त हो गए. कोरोना से देश में अब तक कुल 5,25,199 लोगों की मौत हुई है. देश में फिलहाल एक्टिव मामलों की संख्या 1,11,711 है.
देश के तीन राज्यों केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में कोरोना कहर बरसा रहा है. बीते घंटों में केरल में कोरोना के 3599, महाराष्ट्र में 2971 और तमिलनाडु में 2533 नए केस सामने आए हैं. पश्चिम बंगाल में 1499, कर्नाटक में 975, दिल्ली में 678, गुजरात में 580 और तेलंगाना में 516 नए मामले आए हैं.
कोरोना से मौतों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में हुई 31 मौंतों में से 11 मौतें केरल की हैं, जो पिछले दिनों हुईं, लेकिन अब रिकॉर्ड में चढ़ाई गई हैं. बाकी मौतों में महाराष्ट्र में 5, केरल-बंगाल में 3-3, और पंजाब, यूपी, दिल्ली में 2-2 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ा. कर्नाटक, एमपी और मिजोरम में 1-1 व्यक्ति की जान कोरोना वायरस ने ले ली. सरकारी रिकॉर्ड में अब तक 5,25,199 कोरोना की वजह से जान गंवा चुके हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 3,76,720 टेस्ट किए गए. 10,10,652 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई. कोरोना के अब तक कुल 1,97,95,72,963 टीके लगाए जा चुके हैं.