देश में कोरोना वायरस के मामलों में बड़ा इजाफा देखने को मिला है. पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 18,819 नए मामले दर्ज किए गए हैं. कोरोना मामलों में आई रफ्तार ने एक बार फिर से लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

देश में हल्की गिरावट के बाद एक बार फिर से कोरोना मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 18,819 नए मामले सामने आए हैं. बता दें कि 130 दिन बाद एक दिन में 18 हजार से ज्यादा केस आए हैं. इस दौरान 39 लोगों ने अपनी जान गंवा दी. वहीं देश में कोविड-19 के एक्टिव केस एक लाख के पार हो गए हैं.
बता दें कि चार महीने के बाद कोरोना के ऐक्टिव केसों की संख्या 1 लाख से ज्यादा हो गई है. इसके साथ ही पिछले 130 दिनों के बाद पहली बार कोरोना के नए मरीजों की संख्या भी 18,000 से ज्यादा दर्ज की गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी किए गए डेटा के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 39 मरीजों की मौत हो गई है. बता दें कि अब तक देश में कोरोना संक्रमण के कारण 5,25,116 मौतें हो चुकी हैं. कोरोना के मरीजों की संख्या इसलिए बढ़ रही है क्योंकि रिकवर होने वाले लोगों की संख्या लगातार नए केसों के मुकाबले कम बनी हुई है.
जारी आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल कोरोना का रिकवरी रेट 98.55 फीसदी पर बना हुआ है. वहीं डेली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो यह 4.16 पर्सेंट है और वीकली पॉजिटिविटी रेट 3.72 फीसदी है. इसके अलावा कोरोना संक्रमण से मरने वालों की दर 1.21 फीसदी बनी हुई है.
बीते एक दिन में कोरोना संक्रमण से जो मौतें हुई हैं, उनमें से 17 केरल के ही हैं. वहीं 7 महाराष्ट्र, 4 यूपी, तीन पंजाब और 2-2 लोग हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के हैं. सिक्किम और दिल्ली में भी एक-एक व्यक्ति की कोरोना के कारण मौत हो गई है. वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों में से अब तक 70 फीसदी वे लोग हैं, जो पहले से ही किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे.