भारतीय मूल के केशव महाराज ने अब तक साउथ अफ्रीका के लिए 42 टेस्ट, 21 वनडे और 13 टी20 मैच खेले हैं. अब भारत के खिलाफ अफ्रीकी टीम की कप्तानी भी की.

इंग्लैंड दौरे के लिए क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने टीम का ऐलान कर दिया है. कप्तान टेम्बा बावुमा को चोट के चलते इस टूर पर आराम दिया गया है. उनके स्थान पर वनडे में केशव महाराज को टीम की कमान सौंपी गई है जबकि टी20 क्रिकेट में डेविड मिलर साउथ अफ्रीका का नेतृत्व करेंगे. भारत की धरती पर खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज के दौरान बावुमा चोटिल हो गए थे. कोहनी के चोट के कारण वो आखिरी टी20 मैच में भी नहीं खेल पाए थे. यही वजह है कि उन्हें इंग्लैंड दौरे से बाहर किया गया है.
छह साल बाद बल्लेबाज की टीम में वापसी
तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को वनडे सीरज से आराम दिया गया है. छह साल बाद अफ्रीकी टीम में बल्लेबाज रिले रोसौव की वापसी हुई है.इंग्लैंड दौरे पर साउथ अफ्रीका की टीम पहले 19 जुलाई से मेजबानों के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उतरेगी. इसके बाद 27 जुलाई से इतने ही मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत होगी. अंत में 17 अगस्त से 12 सितंबर के बीच साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमें तीन टेस्ट मैच खेलेंगी.
मिलर का आईपीएल में कमाल
डेविड मिलर को इस साल आईपीएल में प्रदर्शन से साउथ अफ्रीका की टीम में अपना कद बढ़ाने का मौका मिला है. गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए मिलर ने 16 मैचों में 68.71 की औसत से 481 रन बनाए थे. वो सर्वाधिक रन बनाने के मामले में छठे स्थान पर रहे थे. इस शानदार प्रदर्शन को देखते हुए ही मिलर को अब अफ्रीका की टी20 टीम में कप्तानी दी गई है.